तेज रफ्तार स्कार्पियो कैप्सूल वाहन से टकराई, चार लोगों की मृत्यु

जशपुरनगर। तेज गति से आ रहा स्कार्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक कैप्सूल वाहन से टकरा गई। दुर्घटना में मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना में पदस्थ पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर की पत्नी, बच्चा और पिता सहित चार लोगों की मृत्यु हो गई और दो घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए पत्थलगांव के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार चरखापारा निवासी विपिन खलखो अपने स्कॉर्पियो क्रमांक एमपी 50 बीसी 1518 में अपने बच्चे के इलाज हेतु दवाई लेने जशपुर गए थे।
ग्राम पाकरगांव के समीप पुष्पक ढाबा के पास एनएच 43 पर कैप्सूल ट्रक क्रमांक यूपी 70जेटी 5349 सड़क किनारे खड़ी कर चालक बोरिंग से पानी भरने गया था, तभी स्कार्पियो की गति तेज होने के कारण सड़क किनारे खड़े कैप्सूल वाहन को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन टकराने के बाद 10 से 20 मीटर पीछे आ गया एवं दरवाजे खोलकर घायलों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना में उनके परिवार के बैठे 6 लोगों में विपिन के पिता रेमिश खलखो (75), पत्नी ओरेलिया खलखो (35) , उनके बेटे आरुष खलखो और एक अन्य की मृत्यु हो गई है। वहीं घायल लोगों को पत्थलगांव के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत सामान्य बनी हुई है।
बालाघाट के वारासिवनी थाने में है विपिन खालको सब इंस्पेक्टर
जानकारी के अनुसार विपिन खलखो मध्य प्रदेश के बालाघाट के वारासिवनी थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन का एक्सीडेंट होते ही चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद सब इंस्पेक्टर विपिन खलखो की 13 वर्षीया बेटी अंशिका का रो रोकर बुरा हाल है।