कभी बारिश तो कभी गिरे ओले..मार्च और अप्रैल के महीने में आखिर क्यों बेमौसम बरसे बादल?

नई दिल्ली : भारत के कई शहरों में इस साल मार्च और अप्रैल के महीने में बेमौसम बारिश हुई है, जहां पहले मार्च और अप्रैल की महीने में गर्मी की शुरुआत होने लगती थी वहीं, अब इस साल बारिश तो कभी ओले भी देखने को मिले हैं। पिछले साल इन महीनों में तापमान 38 से 40 डिग्री के बीच रहता था, वहीं अब तापमान अधिकतर समय 30 डिग्री के आसपास ही दर्ज किया जा रहा है। सामान्य तौर पर इस महीने बारिश नहीं होती है। क्या आपको पता है इन महीनों में बेमौसम बारिश होने के पीछे वास्तव में क्या वजह है और इसका किसानों पर क्या असर पड़ा है?
क्या है बेमौसम बारिश होने की पीछे अहम वजह
बेमौसम बारिश होने की सबसे अहम वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना माना जा रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भूमध्यसागर क्षेत्र से उठे तूफानों के चलते पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है और इसके चलते उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में बादल बरस रहे हैं। मार्च और अप्रैल में पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा सक्रिय रहे हैं, यही कारण हैं कि हम इन महीनों में बारिश देख रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अफगानिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में चक्रवात की स्थिति भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बनी है और भारत में बारिश इसके असर से हो रही है। मौसम विज्ञानिकों के मुताबिक मार्च और अप्रैल के महीने में कुल चार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुके हैं, जिसके कारण बैमोसम बारिश हो रही है।
ग्लोबल वार्मिंग
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक लगातार बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग भी बेमौसम बारिश होने की एक अहम वजह है। ग्लोबल वार्मिंग के कारण ध्रुवीय सिरे पर बर्फ पिघल रही है, जिसके कारण समुद्र का जल स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और इस कारण कई तटीय क्षेत्रों में बारिश हो रही है। समुद्र का जल स्तर बढ़ने के कारण पानी का अधिक वाष्पीकरण हो रहा है, जिस कारण बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि हो रही है।
जलवायु परिवर्तन
मार्च और अप्रैल के महीने में हो रही बैमोसम बारिश का एक कारण जलवायु परिवर्तन भी है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक कई अध्ययनों के बाद जलवायु परिवर्तन भी बेमौसम बारिश होने की वजह है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिक ने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव की पुष्टि तभी की जा सकती है जब यह प्रवृत्ति 30 वर्षों तक जारी रहे।
क्या होता है पश्चिमी विक्षोभ
पश्चिमी विक्षोभ या western disturbance ऐसे तूफान हैं जो भारतीय उपमहाद्वीप के उत्तरी क्षेत्रों में आते हैं, भूमध्य सागर, अटलांटिक महासागर और कुछ हद तक कैस्पियन सागर से वातावरण की उच्च परतों में नमी लाते हैं, जिसके कारण अचानक आंधी और बारिश होती है। यह हिम के रूप में उत्तर भारत, पाकिस्तान और नेपाल पर पड़ती है।