झाड़ू की आड़ में की जा रही थी तस्करी! 4 करोड़ 15 लाख रुपये का गांजा बरामद, बस चालक समेत 6 महिला तस्कर गिरफ्तार

सूरजपुर : जिले से गांजा तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जयनगर थाना क्षेत्र के सिलफिली इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर एक बस को पकड़ा है, जिसके जरिए भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही थी.

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बस चालक और 6 महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि इन गिरफ्तार महिलाओं के साथ उनके 4 दुधमुंहे बच्चे भी मौजूद थे, जिनकी आड़ में इस काले कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था.

8 क्विंटल 30 किलो गांजा और बस जब्त

पुलिस ने मौके से लगभग 4 करोड़ 15 लाख रुपये मूल्य का 8 क्विंटल 30 किलो गांजा बरामद किया है. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बस को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

झाड़ू की आड़ में की जा रही थी तस्करी

जांच में यह जानकारी सामने आई है कि सरगुजा नंबर की एक बस के माध्यम से झाड़ू के बीच छिपाकर गांजा मध्य प्रदेश के कटनी जिले पहुंचाने की तैयारी थी. लग्जरी बस में झाड़ू बेच रहे एक महिला और पुरुष की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने बस को रुकवाकर तलाशी अभियान शुरू किया. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

18 से 19 फरार आरोपियों की तलाश जारी

इस पूरे मामले में पुलिस को अभी भी 18 से 19 अन्य आरोपियों की तलाश है, जो फिलहाल फरार चल रहे हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी एवं पतासाजी की जा रही है.

स्थानीय लोगों की सतर्कता से हुआ खुलासा

स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी से नशे के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. मामले की जांच जारी है और तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds