लॉगिन

मुक्ताकाशी मंच से 10 वर्षीय अरुणिमा ने लिखा इतिहास, पौन घंटे तक गूंजा भरथरी का जन्म प्रसंग 

Chhattisgarh September 7, 2026 रिपोर्टर: shailesh
मुक्ताकाशी मंच से 10 वर्षीय अरुणिमा ने लिखा इतिहास, पौन घंटे तक गूंजा भरथरी का जन्म प्रसंग 

मुक्ताकाशी मंच से 10 वर्षीय अरुणिमा ने लिखा इतिहास, पौन घंटे तक गूंजा भरथरी का जन्म प्रसंग 

रायपुर : संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित लोकरंग पर्व-2026 मुक्ताकाशी मंच, महंत घासीदास संग्रहालय परिसर, रायपुर में रविवार को भरथरी गायन के जन्म प्रसंग में 10 वर्षीय नन्ही गायिका अरुणिमा शर्मा (आद्या) ने नया इतिहास लिख दिया। वह कम उम्र में ही किसी शासकीय मंच पर सबसे लम्बा भरथरी गायन प्रस्तुति देने वाली सबसे छोटी नन्ही कलाकार है.

आयोजन के प्रथम दिवस पर मंच पर उपस्थित थे – संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, अपर संचालक उमेश मिश्रा, प्रसिद्ध गीतकार-कवि मीर अली मीर, वरिष्ठ साहित्यकार विजय मिश्रा, बॉलीवुड अभिनेत्री श्वेता पढ्ढा सहित बड़ी संख्या में लोक कला प्रेमी दर्शक।

मंच पर राजकीय सम्मान

प्रस्तुति के उपरांत मंच पर ही अरुणिमा को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, गुलदस्ता एवं राजकीय गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

क्या गाया – दर्शक झूम उठे

रामे रामा गीत से लयबद्ध अपना परिचय देते हुए जब मंच पर अरुणिमा ने एंट्री ली तो पूरा दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अभिवादन के साथ जब अरुणिमा ने भरथरी गायन शुरू किया तो लोग आश्चर्य से देखने लगे। छोटी सी बच्ची की प्रस्तुति देख सब भाव-विभोर हो गए।

शुरुआत गणेश वंदना के सुमरनी गीत से हुई। बीच-बीच में भरथरी गाथा सुनाती रहीं। जन्मोत्सव गीत, आमंत्रण गीत के बाद जब शिव जी को प्रसन्न करने के लिए कथा के साथ *’जप हर हर हर हर भोला’* की प्रस्तुति हुई तो दर्शक दीर्घा में लोग गाकर नाचने लगे। तालियों की थाप के साथ सोहर गीत की बारी आई तो पंडाल अरुणिमा के सुरों से गूंज उठा।

अंत में ‘चलव संगी जाबो जी’ के विदाई गीत तक दर्शक कुर्सियों से चिपके रहे।

नया रिकॉर्ड

छत्तीसगढ़ की 10 वर्षीय नन्ही भरथरी गायिका ने संस्कृति विभाग के मुक्ताकाशी मंच से लगभग पौन घंटे (45 मिनट) तक प्रस्तुति देकर सबसे छोटी उम्र में किसी शासकीय मंच पर सबसे लंबी भरथरी प्रस्तुति का नया इतिहास रच दिया है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds