सिब्बल का पीएम पर पलटवार, यूपीए के दौरान भ्रष्टाचारियों को सबसे ज्यादा सजा मिली

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए’ वाले बयान पर राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने मंगलवार को पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के दौरान भ्रष्टाचारियों को सबसे ज्यादा सजा मिली थी। साथ ही उन्होंने पीएम से पूछा कि भ्रष्टाचारियों को कौन बचा रहा है।

पीएम मोदी का बयान

दरअसल, पीएम मोदी ने सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के हीरक जयंती समारोह में कहा था कि कोई भी भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए। ये देश की इच्छा है, ये देशवासियों की इच्छा है। आज देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति में कोई कमी नहीं है। आपको हिचकने की जरूरत नहीं है। इसी बयान को लेकर अब सिब्बल ने ट्वीट किया है।

लोग झूठ बोल सकते हैं, लेकिन तथ्य नहीं

सिब्बल ने लिखा कि पीएम ने सीबीआई से भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाने को कहा है। लेकिन मार्च 2016 में जितेंद्र सिंह ने संसद में बताया था कि साल 2013 में 1,136, 2014 में 993, 2015 में 878 और 2016 में 71 लोगों को भ्रष्टाचार के लिए दोषी ठहराया गया है। उन्होंने कहा यूपीए के दौरान भ्रष्टाचारियों को अधिक सजा मिली। लोग झूठ बोल सकते हैं, लेकिन तथ्य झूठ नहीं बोलते। भ्रष्टाचारियों को कौन बचा रहा है?

गैर-चुनावी मंच इंसाफ शुरू

बता दें कि कपिल सिब्बल ने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी के समर्थन से निर्दलीय सदस्य के रूप में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। उन्होंने हाल ही में अन्याय से लड़ने के उद्देश्य से एक गैर-चुनावी मंच इंसाफ भी शुरू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds