वेतन विवाद ने लिया हिंसक रूप : देवभोग नगर पंचायत के सीएमओ कक्ष में अकाउंटेंट और इंजीनियर के बीच मारपीट, विडियो वायरल

देवभोग : देवभोग नगर पंचायत इन दिनों किसी प्रशासनिक कार्यालय से ज्यादा अखाड़े की तरह चर्चा में है। जहां जनता की समस्याओं के समाधान होने चाहिए, वहीं अब कर्मचारियों के बीच मारपीट का वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है। वेतन भुगतान में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया और पूरा घटनाक्रम अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक घटना 7 मई की शाम करीब 5 बजे के बाद की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों को 1 मई को मिलने वाला वेतन 7 मई तक जारी नहीं हो पाया था, जिससे नगर पंचायत के इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक नाराज थे। इसी बात को लेकर उन्होंने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर को सीएमओ कक्ष में बुलाया।
सीएमओ के केबिन में दोनों के बीच वेतन भुगतान को लेकर तीखी बहस शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि इंजीनियर के साथ मौजूद कुछ सहयोगियों ने अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के साथ हाथापाई शुरू कर दी। जवाब में संदीप चंद्राकर ने भी विरोध करते हुए हाथ चला दिए। देखते ही देखते सीएमओ कक्ष का माहौल तनावपूर्ण हो गया और वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद उसी दिन देवभोग पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि अब यह विवाद केवल मारपीट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कर्मचारी संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
अकाउंटेंट संदीप चंद्राकर के समर्थन में कर्मचारी यूनियन थाने पहुंची और इंजीनियर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इधर नगर पंचायत में भी इस घटना को लेकर नाराजगी का माहौल है।