रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुँच कर मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह कर दिया है।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद प्रदेश में विकास की बयार बह रही है और छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
‘कका और कांग्रेस ने मिलकर छग को तबाह किया’
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहुत प्यार दिया है। आज प्रदेश में विकास की बयार बह रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह किया था।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को मकान का अधिकार दिया है। गरीबों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। शिवराज ने बताया कि इन मकानों की स्वीकृति का पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में रोज बन रहे 1600 मकान
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर दिन करीब 1600 मकान पूरे हो रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उनके मुताबिक विकसित भारत और ग्रामीण विकास से जुड़े अभियानों में छत्तीसगढ़ का सहयोग मिल रहा है। वहीं खेत से सड़क योजना के तहत भी 36 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए सड़कों को भी मंजूरी दी गई है। दक्षिण एशियाई और प्रवासी
वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस को घेरा
कर्नाटक में वंदे मातरम् के दो पद गाए जाने के मामले पर भी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। उन्होंने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम् को लेकर कानून बनाया गया है, ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला अलोकतांत्रिक है। शिवराज सिंह चौहान ने इसे भारत माता का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर तंज कसा और कहा, “हम तो डूबे हैं सनम, तुमको भी ले डूबेंगे।” उन्होंने कांग्रेस के इस कदम को राष्ट्रविरोधी कदम जैसा बताया।
BRICS सम्मेलन को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
BRICS समिट को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दुनिया की आधी आबादी का नेतृत्व करने वाले देश एक धरती पर एकत्रित हो रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा पर उंगली उठाती है और देश की प्रगति व विकास से प्रसन्न नहीं हो सकती।
नरेंद्र मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा पर बोले शिवराज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। “भारत माता फिर से अंगड़ाई ले रही है और भारत विश्वगुरु बनने के पथ पर चल रहा है।” उन्होंने नरेंद्र मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद से करते हुए कहा कि जो बातें नरेंद्र यानी स्वामी विवेकानंद ने कही थीं, उन्हीं बातों को नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं।