सक्ती विधानसभा : कांग्रेस से डॉ चरणदास महंत और भाजपा के खिलावन साहू के बीच सीधा मुकाबला

रायपुर : डा चरण दास महंत विधानसभा अध्यक्ष हैं। वे दूसरी बार सक्ती से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वे एमएससी एलएलबी और समाज शास्त्र में एमए तथा पीएचडी हैं। वे जांजगीर चाम्पा विधानसभा से 1980, 1985 और 1993 में तीन बार विधायक रहे। 1998 और 1999 में जांजगीर चाम्पा लोकसभा के सदस्य रहे और 2009 में कोरबा सांसद रहे। इस दौरान 2011 में वे केंद्रीय कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री भी रहे। जुलाई 2013 में वे मप्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे।
सक्ती विधानसभा में 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। पर सीधा मुकाबला कांग्रेस और भाजपा में है। भाजपा से यहां खिलावन साहू चुनाव लड़ रहे हैं। इस बार यहां 68.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। दोनों उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री रहे राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह से मतभेद के कारण इस बार वे चुनाव में उनके साथ नहीं थे।
इसके अलावा नए जिला सक्ती के कलेक्टोरेट कार्यालय जेठा में खोलने को लेकर भी सक्ती नगरवासियों में नाराजगी है वहीं बुधवारी बाजार के बेजा कब्जा हटाने के बाद पुनर्व्यवस्थापन नहीं किए जाने से भी लोगों के आक्रोश है। पिछला चुनाव डा महंत 30 हजार से अधिक वोटों से जीते थे। यहां पिछड़ा वर्ग के वोटरों की संख्या अधिक है। जकांछ उम्मीदवार राजकुमार पटेल ने चुनाव के एक दिन पहले मैदान छोड़ दिया और वे कांग्रेस में शामिल हो गए। बहरहाल मुकाबला कड़ा है और लोगों को नतीजे का इंतजार है।