प्लाटों की बिक्री से आरडीए को मिले 88 करोड़ रुपये, बचे प्लाटों के लिए निविदा 27 को

रायपुर : बड़े प्लाटों को छोटा कर आवासीय व व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी से आरडीए को अभी तक 88 करोड़ रुपये मिले हैं। बताया जा रहा है कि बचे हुए प्लाटों की बिक्री के लिए 27 दिसंबर को आरडीए द्वारा फिर से निविदा निकाली जाएगी।

मालूम हो कि कौशल्या माता विहार (कमल विहार) में बड़े प्लाटों की बिक्री नहीं हो रही थी। इसके चलते आरडीए द्वारा प्लाट को छोटा कर नया लेआउट जारी किया गया और शासन की स्वीकृति के बाद निविदा निकाली गई थी। प्लाटों को छोटा करने से अब कौशल्या माता विहार में बिक्री बढ़ गई है। 25 अक्टूबर को हुई नीलामी से लगभग 41 करोड़ रुपये और आठ नवंबर को हुई नीलामी से लगभग 20 करोड़ रुपये की राशि मिली थी।

13 दिसंबर तक निविदा बुलाई गई थी

रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धर्मेश कुमार साहू ने बताया कि रायपुर विकास प्राधिकरण के कौशल्या माता विहार (कमल विहार) एवं इन्द्रप्रस्थ फेस-2 में आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंड तथा एलआइजी फ्लैट्स के विक्रय के लिए बुधवार 13 दिसंबर तक निविदा बुलाई गई थी। इसमें कुल 18 निविदाएं प्राप्त हुईं। इसमें से 14 सफल निविदाओं से आरडीए को कुल 27.09 करोड़ रुपये मिले।

निविदा आमंत्रित की जाएगी

इस प्रकार बड़े प्लाटों को छोटा कर आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी से अब तक लगभग 88 करोड़ रुपये रायपुर विकास प्राधिकरण को प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि शेष बचे आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों तथा एलआइजी फ्लैट्स के विक्रय के लिए माह के चौथे बुधवार को फिर से निविदा आमंत्रित की जाएगी। निविदा द्वारा आफसेट दर से अधिक दर पर भूखंड एवं फ्लैट्स का विक्रय किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds