रविचंद्रन अश्विन ने अपने 100वें टेस्ट को बनाया स्पेशल, अनिल कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ा; कई मामलों में बने नंबर-1

नई दिल्ली। भारतीय टीम के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ धर्मशाला में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट में इतिहास रच दिया। यह अश्विन के टेस्ट करियर का 100वां टेस्ट भी है। रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड की दूसरी पारी में पांच विकेट झटके और कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए।
बता दें कि रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी पारी में खबर लिखे जाने तक 14 ओवर में 77 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने जैक क्रॉली (0), बेन डकेट (2), ओली पोप (19), बेन स्टोक्स (2) और बेन फोक्स (8) को अपना शिकार बनाया।
कुंबले का रिकॉर्ड ध्वस्त
रविचंद्रन अश्विन ने 35वीं बार टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में पांच विकेट लिए। वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा बार टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। अश्विन ने अनिल कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 34 बार यह कमाल किया था।
अश्विन ऐसे पहले क्रिकेटर
रविचंद्रन अश्विन ऐसे पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू और 100वें में पांच विकेट लेने का कमाल किया। अश्विन ने अपना डेब्यू टेस्ट 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था, जहां पांच विकेट लिए। अब 100वें टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ अश्विन ने दूसरी पारी में पांच विकेट लिए। वो यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने।
अश्विन का बड़ा कारनामा
रविचंद्रन अश्विन 100वें टेस्ट की दोनों पारियों में चार या ज्यादा विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज बने। इससे पहले यह कारनामा कोई नहीं कर पाया। अश्विन पहले 100 टेस्ट में एक पारी में सबसे ज्यादा बार चार विकेट लेने के मामले में भी अव्वल हैं।
पहले 100 टेस्ट में भारतीयों द्वारा सर्वाधिक 4+ विकेट
61 – रविचंद्रन अश्विन
55 – अनिल कुंबले
41 – हरभजन सिंह
36 – कपिल देव