बिलासपुर : बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में एक निजी बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि रैपिडो ड्राइवर ने पहले ग्राहक बनकर युवती से संपर्क किया और बीमा पॉलिसी समझने के बहाने उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। वहाँ कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद करने के बाद दुष्कर्म करने का आरोप है।
युवती की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फिलहाल फरार है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
रैपिठो की सवारी के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी 25 वर्षीय युवती व्यापार विहार स्थित एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है। वह लोगों से संपर्क कर उन्हें बीमा योजनाओं की जानकारी देती है। बताया गया कि 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक किया था। दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा बाइक लेकर उसे लेने पहुंचा और रेलवे स्टेशन तक छोड़ा। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ। युवती ने आरोपी को अपने बीमा कंपनी में काम करने और पॉलिसी प्लान की जानकारी दी थी।
बीमा प्लान के बहाने लॉज तक पहुंचा
शिकायत के मुताबिक, अगले दिन 28 अक्टूबर को आरोपी ने युवती को फोन किया और बीमा योजना के संबंध में बातचीत करने के लिए बुलाया। युवती उसके पास पहुंची और उसे पॉलिसी के बारे में जानकारी दी। आरोप है कि आरोपी ने दिवाली से पहले बीमा पॉलिसी लेने की बात कही और प्लान को ठीक से समझने के लिए किसी शांत स्थान पर चलने का सुझाव दिया। युवती उसके साथ चली गई। इसके बाद आरोपी उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, लॉज के कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने दरवाजा बंद कर दिया और युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर कथित तौर पर उसे धमकी दी गई, जिसके बाद आरोपी मौके से निकल गया।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
एडिशनल एसपी पंकज पटेल के मुताबिक, युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओ मे अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पूछताछ में पता चला कि परिजनो ने उसे घर से बाहर कर दिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लॉज संचालक पर भी कार्रवाई की तैयारी
मामले में लॉज की भूमिका को लेकर भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। टीआई सनिप रात्रे के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि लॉज में उससे पहचान संबंधी दस्तावेज लिए गए थे, जबकि आरोपी से आईडी नहीं ली गई। पुलिस की पूछताछ में लॉज संचालक ने बताया कि आरोपी स्थानीय होने के कारण उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया था। पुलिस अब लॉज संचालक को नोटिस जारी कर इस लापरवाही के संबंध मे कार्रवाई करेगी।