लॉगिन

जंगली हाथी का कहर : हाथी के हमले से किसान की मौत, घर से भागते समय सूंड से उठाकर कुचला

Chhattisgarh July 18, 2026 रिपोर्टर: shailesh
जंगली हाथी का कहर : हाथी के हमले से किसान की मौत, घर से भागते समय सूंड से उठाकर कुचला

जंगली हाथी का कहर : हाथी के हमले से किसान की मौत, घर से भागते समय सूंड से उठाकर कुचला

सरगुजा : संभाग के बलरामपुर और सूरजपुर जिले की सीमा से लगे क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. ताजा घटना में हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.

सूंड से उठाकर पटका और फिर कुचल दिया

जानकारी के अनुसार राजपुर क्षेत्र के रेवतपुर पंचायत निवासी बालम अपने घर में मौजूद था. इसी दौरान जंगली हाथी घर को तोड़ने लगा. जान बचाने के लिए जैसे ही वह घर से बाहर निकलकर भागने का प्रयास करने लगा, हाथी ने उसे घर से महज 100 मीटर दूर अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया और कुचल दिया. गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

तीन जंगली हाथियों के दल का आतंक

बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले कई महीनों से तीन जंगली हाथियों का दल डेरा जमाए हुए है. हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो गया है. एक सप्ताह पहले भी इन्हीं हाथियों ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. हमले में घायल व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी और उसका इलाज जारी है.

ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि हाथी अक्सर जंगल से निकलकर सड़क तक पहुंच जाते हैं. हालांकि वन विभाग ने हाथियों को आबादी की ओर आने से रोकने के लिए जंगल किनारे सोलर फेंसिंग भी कराई है, लेकिन इसके बावजूद हाथी लगातार गांवों और सड़कों तक पहुंच रहे हैं. घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी है.

डर के कारण काम करना मुश्किल

लोगों का कहना है कि हाथियों के भय के कारण वे खेतों में काम करने तक नहीं जा पा रहे हैं. लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों ने हाथियों के आतंक से निजात दिलाने और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds