छत्तीसगढ़ के इतिहास, विरासत और संस्कृति को बढ़ावा देने में जुटी है रायपुर हेरिटेज वॉक श्रृंखला
प्रोजेक्ट गेटआउट, हेरिटेजवाला और अगोरा इकोटूरिज्म के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा आयोजन

रायपुर : पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार के छत्तीसगढ़ नोडल कार्यालय द्वारा प्रोजेक्ट गेटआउट, हेरिटेजवाला और अगोरा इकोटूरिज्म के संयुक्त सहयोग से रायपुर हेरिटेज वॉक श्रृंखला 2 की चतुर्थ वॉक रविवार 17 दिसंबर 2023 को आयोजित की गई।

छत्तीसगढ़ के इतिहास, विरासत और संस्कृति को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने के लिए रायपुर में हर रविवार को हेरिटेज वॉक की एक श्रृंखला आयोजित की जा रही है। चौथी वॉक थीम ‘कोलोनियल लेंस’ के साथ टाउन हॉल से शुरू हुई, जो डीकेएस अस्पताल, महाकोसल कला वीथिका, बंजारी बाबा दरगाह, नगर घड़ी चौक जैसे स्थानों को कवर करते हुए बैजनाथ मंदिर पर समाप्त हुई।

हेरिटेजवाला के संस्थापक श्री शिवम त्रिवेदी ने प्रतिभागियों को शहर की विरासत के साथ-साथ उनसे जुड़ी कहानियाँ, ब्रिटिश शासन की शुरुआत की कहानी, दाऊ कल्याण सिंह अग्रवाल की कहानी, पुराने संग्रहालय भवन का महत्व, महाकोसल कला के बारे में बताया। आज आयोजित वॉक का समापन कलेक्टोरेट गार्डन में शहीद वीर नारायण सिंह से जुड़ी एक कहानी सत्र के साथ हुआ।

इस रायपुर हेरिटेज वॉक श्रृंखला 2 की अगली व पांचवी हेरिटेज वॉक रविवार 24 दिसंबर 2023 को ‘मैरी क्रिसमस’ थीम पर आधारित होगी, इन हेरिटेज वॉक का समय प्रातः 0730 से रखा जाता है।