‘राहुल लोकसभा में फ्लाइंग किस देकर गए, अभद्र लक्षण के दर्शन दिए’, स्मृति ईरानी का बड़ा आरोप

नई दिल्ली : लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर जारी चर्चा के बीच आज राहुल गांधी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। राहुल अपना संबोधन पूरा करने के बाद सदन से रवाना भी हो गए। इसके बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने वक्तव्य में राहुल पर जमकर हमला बोला। स्मृति ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अभद्रता के इशारे किए। उन्होंने कहा कि राहुल सदन से जाते वक्त फ्लाइंग किस का इशारा कर के गए। बताया गया है कि इस घटना को लेकर भाजपा सांसद शोभा करंदलाजे ने स्पीकर ओम बिरला के समक्ष शिकायत भी की है।
स्मृति ने कहा कि राहुल ने सदन में अभद्रता का परिचय दिया और अभद्रता से जुड़े लक्षण दिखाए। उन्होंने कांग्रेस नेता पर महिलाओं के अपमान के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि जिन्हें आज मुझसे पहले वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया, वह फ्लाइंग किस देकर गए। इस तरह का महिलाओं के प्रति द्वेषपूर्ण आचरण देश के सदन में कभी नहीं देखा गया। ये किस खानदान के लक्षण हैं, यह देश देख रहा है।
स्मृति का सवाल- माचिस लेकर कहां-कहां गए राहुल गांधी?
स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी की देशभक्ति आज बताती हूं। देश के बाहर गए तो कहा कि हिंदुस्तानी सौहार्द की भूमिका में नहीं रहते, भाईचारे में विश्वास नहीं करते। देश में उथल-पुथल होगी, विपक्ष इसका कैसे इस्तेमाल कर सकता है, यह सोच रहा हूं। राहुल गांधी ने विदेश में जाकर कह कि पूरे देश में केरोसीन फैला है। बस आग लगाने के लिए चिंगारी की जरूरत है। माचिस ढूंढते-ढूंढते राहुल गांधी कहां-कहां गए? अमेरिका गए। अमेरिका में तंजीम अंसारी के साथ अपने कार्यक्रम किए। हिंदुस्तान के खिलाफ आवाज बुलंद करने वालों के साथ मीटिंग की।
स्मृति का पलटवार- अदाणी को आपकी सरकारों ने क्यों काम दिए?
कांग्रेस की सरकार ने मुंद्रा में अदाणी को काम दिया। यूपीए सरकार ने 72 हजार करोड़ का कर्ज दिया, क्यों दिया। राजस्थान में गहलोत सरकार ने समझौता कर लिया। क्यों किया? केरल में कांग्रेस की सरकार ने पोर्ट का काम क्यों दिया। महाराष्ट्र में कांग्रेस की सत्ता में अदाणी में काम क्यों दिया। बंगाल में हल्दिया पोर्ट का काम अदाणी को क्यों दिया। छत्तीसगढ़ में आदिवासियों ने मना किया, फिर भी अदाणी को काम किया, क्यों दिया? इनके अलायंस के लोग घोटाले में चारा खाते हैं, उनके घर जाकर ये मटन खाते हैं। राहुल गांधी… दूध का दूध, पानी का पानी एक कर दूंगी।