इंफाल एयरपोर्ट के पास यूएफओ दिखते ही राफेल लड़ाकू विमान किए गए थे रवाना, जानें अब तक कहां पहुंची जांच

इंफाल : कल मणिपुर की राजधानी इंफाल में आसमान में यूएफओ (अज्ञात उड़ने वाली चीज) देखे जाने का दावा किया गया था। जिसके बाद भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने इस यूएफओ का पता लगाने के लिए उड़ान भरी। हालांकि यूएफओ का कुछ पता नहीं चल सका। यूएफओ देखे जाने के चलते इंफाल एयरपोर्ट पर काफी देर तक हवाई सेवाएं भी बाधित रहीं। वायुसेना घटना की जांच भी कर रही है।

यूएफओ के चलते प्रभावित हुईं हवाई सेवाएं

खबर के अनुसार, यूएफओ रविवार दोपहर ढाई बजे के करीब इंफाल एयरपोर्ट के आसपास देखा गया। इसके चलते इंफाल एयरपोर्ट पर व्यवसायिक हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। भारतीय वायुसेना को जैसे ही यूएफओ देखे जाने की सूचना मिली तो नजदीकी एयरबेस से राफेल लड़ाकू विमान ने यूएफओ का पता लगाने के उद्देश्य से उड़ान भरी। हालांकि काफी उन्नत सेंसर होने और काफी देर उड़ान भरने के बाद भी यूएफओ को ट्रैक नहीं किया जा सका। इसके बाद लड़ाकू विमान वापस एयरबेस पर लौट आया।

पश्चिम बंगाल के एयरबेस से लड़ाकू विमानों ने भरी उड़ान

इसके बाद दूसरे लड़ाकू विमान ने भी उड़ान भरी लेकिन इसके बावजूद यूएफओ का कुछ पता नहीं चल सका। वायुसेना ने कहा कि इंफाल एयरपोर्ट के ऊपर यूएफओ देखे जाने का वीडियो होने का भी दावा किया जा रहा, जिसकी वायुसेना और संबंधित जांच एजेंसी जांच कर रही हैं। वायुसेना ने कहा कि यूएफओ की सूचना मिलते ही एयर डिफेंस प्रतिक्रिया के तहत लड़ाकू विमानों को रवाना किया गया। लड़ाकू विमानों ने पश्चिम बंगाल के हाशीमारा एयरबेस से लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी थी।

Back to top button

This will close in 20 seconds