चिरमिरी में प्रियंका गाँधी ने कहा ‘मोदी खुद को बड़ा ईमानदार बताते हैं’ भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी स्कीम पीएम ही लेकर आए

चिरमिरी : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को एमसीबी जिले के चिरमिरी शहर पहुंचीं। कोरबा लोकसभा क्षेत्र के चिरमिरी डोमनहिल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, मोदी खुद को बड़ा ईमानदार बताते हैं लेकिन इस देश में भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी स्कीम वे ही लेकर आए। यह स्कीम थी जो चंदा देगा, उसका नाम गुप्त रहेगा।

इसके तहत अपने बड़े-बड़े मित्रों से चंदा लिया। पहले उनके ऊपर छापा मारा, फिर चंदा लेकर जांच बंद कर दी। उन्होंने गुजरात में पुल गिरने की घटना का उदाहरण भी दिया। चुनावी सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने चिरमिरी की सुंदरता की तारीफ करते हुए कहा कि मेरी दादी कहती थीं कि आदिवासी भाई-बहनों ने हमेशा प्रकृति का सम्मान किया है। यह राम कुमार दुबे की भी जन्मभूमि है। यह आपकी जमीन के महापुरुष हैं। सभी ने अपनी भूमिका निभाई। यहां प्रदेश के कई इलाके से लोग आए और खदानों में उन्हें रोजगार मिला। सभी ने अपनी धरती के लिए मेहनत की। बच्चों के भविष्य के लिए सभी ने मेहनत की है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि भूपेश बघेल ने प्रदेश को आगे बढ़ने की काफी कोशिश की, इस वजह से उन पर काफी प्रहार हुआ। दिल्ली ने भी सभी ने छत्तीसगढ़ के बारे में देखा औऱ सुना। यह बात बीजेपी को पसंद नहीं आई। बीजेपी की राजनीति कुछ अलग है। चिरमिरी में सबसे पुराना कोयला खदान है। खदान के राष्ट्रीयकरण का काम इंदिराजी ने किया था। आज देश में मजदूर विरोधी राजनीति चल रही है। भाजपा के नेता देश की खुशहाली की बात करते हैं, लेकिन ये आपकी बात नहीं करते। प्रियंका ने कोविड वैक्सीन ‘कोविशील्ड’ को लेकर आई रिपोर्ट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टीका लगवाकर कुछ लोग मर गए, कुछ बीमार हो गए। पहले सर्टिफिकेट मिलता था, तो उसमें मोदी जी की फोटो होती थी, लेकिन अब लगवाओगे तो नहीं मिलेगी।

प्रियंका ने कहा कि मोदी सरकार में गरीबों के साथ अन्याय हुआ, खरबपतियों और उद्योगपतियों के साथ नहीं हुआ। बड़े-बड़े भ्रष्ट नेताओं को अपने पार्टी में डाल रखा है। जो दूसरी पार्टियों के नेता थे। पहले उन पर दबाव डाला, जांच शुरू की। जब उनकी पार्टी में आ गए तो वह दूध के धुले हो गए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि लोकसभा चुनाव चल रहा है। यह लोकसभा चुनाव देश का चुनाव है। देश में भाजपा 10 साल लगातार राज करने के बाद महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। इस समय देश की जनता और छत्तीसगढ़ की जनता बदलाव चाहती है। दो चरण का चुनाव हो चुका है। कांग्रेस बढ़त बनाके आ रही है। अब तीसरे चरण का चुनाव संपन्न होना है। तीसरे चरण में 7 तारीख को वोटिंग है। जब 7 तारीख को वोटिंग होगा हमें पूरा भरोसा है कि कोरबा लोकसभा की जनता ज्योत्सना महंत को जीतायेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में हम 11 सीटों में 2 सीटे जीते थे। इस बार ज्योत्सना महंत भारी मतो से जीतेंगी। कांग्रेस को जनता का भरपूर आर्शीवाद मिलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि यह लोकसभा का चुनाव है इस लोकसभा चुनाव में जनता को ध्यान रखना है कि यह लड़ाई पूरे भारतवासीयो की है क्योकि आज संविधान खतरे में है। इसलिये सोच समझकर मतदान करना है, क्योकि यह खास चुनाव है। जब मैं मुख्यमंत्री था तो मनेन्द्रगढ़, चिरमिरी, भरतपुर को जिला बनाया। मेडिकल कॉलेज भी विधानसभा से पारित करके भेज दिया गया, मेडिकल कॉलेज भी जल्द मिलेगा। सभा में एआईसीसी के महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button