राष्ट्रपति को इस्तीफा देने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 8 जून को हो सकता है नई सरकार का शपथ-ग्रहण

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव परिणाम आने बाद केंद्र में नई सरकार के गठन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ताजा खबर यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति को इस्तीफा देने पहुंचे हैं। 8 जून को नई सरकार का शपथ ग्रहण हो सकता है।
इससे पहले बुधवार को दिल्ली में मोदी कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई। बैठक में धन्यवाद प्रस्ताव पास हुआ। सभी सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी जीत के लिए बधाई दी। अब पीएम आवास पर NDA घटक दलों की बैठक होगी, जिसमें नई सरकार के गठन में मंथन किया जाएगा।
एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नीतीश कुमार, चंद्रबाबू नायडू, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और एकनाथ शिंदे समेत अन्य नेता दिल्ली पहुंच रहे हैं।
बिना शर्त समर्थन की चिट्ठी देने को तैयार JDU
जदयू से सीनियर नेता और प्रवक्ता केसी त्यागी ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी बिना किसी शर्त के केंद्र में सरकार बनाने और नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनाने के लिए समर्थन की चिट्ठी देने को तैयार है। हालांकि त्यागी यह इच्छा जरूर जताई कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाना चाहिए।
समाचार एजेंसी ANI से चर्चा में केसी त्यागी ने कहा, नीतीश कुमार एनडीए की बैठक में हिस्सा लेने जा रहे हैं। हम पूरी तरह से एनडीए के साथ हैं। अब कहीं और जाने का सवाल नहीं। विपक्ष और कांग्रेस की ओर से मिल रहे प्रस्तावों (डिप्टी सीएम बनाने से लेकर बिहार को विशेष राज्य का दर्ज देने तक) पर त्यागी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने यह बड़ा दिल पहले दिखाया होता तो आज यह नौबत नहीं आती।