President Draupadi Murmu: विधानसभा में राष्ट्रपति का संबोधन : बोले- यहां आकर पता चला, क्यों कहा जाता है छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया

रायपुर।President Draupadi Murmu: छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जय जोहार के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने विधानसभा की 25 वर्षों की यात्रा के लिए सदस्यों को बधाई दी। इसके बाद राष्ट्रपति ने कहा- आप सबके बीच आकर विधायक के रूप में मेरी यादें ताजा हुईं।
राष्ट्रपति ने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि, विधायक के रूप में दायित्व निभाना सौभाग्य की बात होती है। विधानसभा में आकर लगा कि, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया होता है। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वेल में आने पर निलंबन का नियम बनाया गया है। इसका पालन भी किया जा रहा है, यह खुशी की बात है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि, अब तक छत्तीसगढ़ विधानसभा में कभी मार्शल का उपयोग नहीं करना पड़ा, यह विधायकों और पूर्व विधायकों के लिए गर्व की बात है।
छत्तीसगढ़ में विकास की असीम संभावनाएं
President Draupadi Murmu: मीनीमाता के जीवन संघर्षों को याद करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि, महिलाओं को प्रदेश की जनता का विशेष समर्थन मिला है। महिला सदस्य राज्य को आगे बढ़ाने तत्पर रहें। महिलाएं सशक्त होंगी तो हमारा समाज भी सशक्त होगा। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि, छत्तीसगढ़ विधानसभा ने समावेशी कल्याण के लिए अनेक विधेयक पारित किए। महिलाओं को अंधविश्वास से मुक्ति दिलाने के लिए अहम विधेयक लाया गया। छत्तीसगढ़ में विकास की असीम संभावनाएं विद्यमान हैं। यहां की लोक संस्कृति की पूरे देश में सराहना होती है।
छत्तीसगढ़ के लोग बहुत अच्छे हैं : राष्ट्रपति
President Draupadi Murmu: उन्होंने कहा कि, इस प्रदेश को इंद्रावती, शिवनाथ, महानदी का आशीर्वाद प्राप्त है। वामपंथी उग्रवाद को रोकने का कार्य निर्णायक दौर में है, जल्द छत्तीसगढ़ उग्रवाद रोकने की दिशा में सफल होगा। छत्तीसगढ़ विधानसभा राज्य की आदर्श छवि प्रस्तुत करेगी। हम भी रायपुर को ओडिशा का हिस्सा मानते हैं। परिसीमन की तो सीमा है, दिल का कोई दीवार नहीं है। भगवान जगन्नाथ केवल ओडिशा के नहीं पूरे विश्व के नाथ हैं। ओडिशा में जो चावल पकाया जाता है, वह छत्तीसगढ़ का है। मुझे छत्तीसगढ़ से बहुत लगाव है। उनहोंने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ के लोग बहुत अच्छे हैं। इसीलिए कहा गया है, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। मैं छत्तीसगढ़ के उज्जवल भविष्य की कामना करती हूं। अपना संबोधन पूरा करने के बाद राष्ट्रपति छत्तीसगढ़ विधानसभा से रवाना हो गई हैं।