पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज, देश भ्रष्टाचार, वंशवाद, तुष्टीकरण को ‘भारत छोड़ने’ को कह रहा

नई दिल्ली : भारत छोड़ो आंदोलन के 81 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक महाअभियान शुरू करने जा रही है। 21 दिनों तक चलने वाले इस अभियान की शुरुआत संसद में लगी गांधी जी की प्रतिमा से आज किया जाएगा। गौरतलब है कि नौ अगस्त, 1942 को अंग्रेजों के खिलाफ महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी। आज इसके 81 साल पूरे हो गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ को याद करते हुए कहा कि भारत अब भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण के खिलाफ एक स्वर में बोल रहा है। पीएम मोदी ने विपक्ष पर परोक्ष रूप से ऐसे समय में निशाना साधा है जब सत्तारूढ़ भाजपा बुधवार को इसी तर्ज पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।

पार्टी के सांसदों के साथ बैठक करने के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के खिलाफ वे सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाएं। भाजपा के इस नए अभियान का समापन 29 या 30 अगस्त कर्तव्य पथ पर किया जाएगा। पार्टी द्वारा जारी किए गए पत्र के अनुसार, प्रधानमंत्री 16 अगस्त को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के दौरान ‘मेरी माटी मेरा देश’ अभियान की भी शुरुआत करेंगे। पीएम ने इसी अभियान का प्रचार सोशल मीडिया पर करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने वाले महान लोगों को श्रद्धांजलि। गांधी जी के नेतृत्व में इस आंदोलन ने भारत को औपनिवेशिक शासन से मुक्त कराने में प्रमुख भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, आज भारत एक स्वर में कह रहा है: भ्रष्टाचार भारत छोड़ो। वंशवाद भारत छोड़ो। तुष्टिकरण भारत छोड़ो। मोदी ने बार-बार विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है और लोगों से उनसे दूर रहने का आह्वान किया।

विपक्षी गठबंधन पर पीएम का हमला

हाल ही में पीएम मोदी ने 508 रेलवे स्टेशनों के पुनरुद्धार परियोजना का शुभारंभ किया था। इस आयोजन में लोगों को संबोधित करते हुए पीएम ने विपक्ष पर तीखे हमले किए थे। उन्होंने कहा था कि पूरा देश महात्मा गांधी द्वारा किए गए ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ से प्रेरित है और भ्रष्टाचार, वंशवाद और तुष्टिकरण छोड़ने का आह्वान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds