लॉगिन

राज्योत्सव पर पीएम मोदी विधानसभा के नए भवन का करेंगे लोकार्पण, दिखेगी संस्कृति व परंपरा

Chhattisgarh October 23, 2025 रिपोर्टर: shailesh
राज्योत्सव पर पीएम मोदी विधानसभा के नए भवन का करेंगे लोकार्पण, दिखेगी संस्कृति व परंपरा

राज्योत्सव पर पीएम मोदी विधानसभा के नए भवन का करेंगे लोकार्पण, दिखेगी संस्कृति व परंपरा

रायपुर : छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन बनकर पूरी तरह से तैयार है. अब शिफ्टिंग का काम भी शुरू हो जाएगा. उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने हाल ही में नवा रायपुर में निर्माणाधीन छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के अंतिम दौर के कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने इस दौरान इसके लोकार्पण की तैयारियों का भी जायजा लिया. उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव के मौके पर विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण करेंगे. आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त इस भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखाई देगी. विधानसभा के सदन की सीलिंग में धान की बालियां उकेरी गई हैं. सदन के भीतर के ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पियों द्वारा बनाए गए हैं.”

फिनिशिंग कार्य अंतिम चरण में

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है. इसे तीन सेक्टरों में विभाजित कर बनाया गया है. भवन के सिविल कार्य पूर्ण हो चुके हैं. फिनिशिंग कार्य भी अंतिम चरण में हैं. मंत्री साव ने कहा कि आगामी 1 नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं. राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण होगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ नित नवीन आयाम तय कर रहा है. विधानसभा का यह नवनिर्मित भवन छत्तीसगढ़ के इतिहास में बहुमूल्य उपलब्धि होगी.

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि 25 साल पहले वर्ष 2000 में रायपुर के राजकुमार कॉलेज में टेंट से शुरू हुए छत्तीसगढ़ के विधानसभा को खुद का भव्य भवन मिलने जा रहा है. नवीन विधानसभा भवन सर्वसुविधायुक्त, सुसज्जित तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. इसे अगले 50 वर्षों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. भविष्य में पेपरलेस विधानसभा संचालित हो सके, इसका भी ध्यान रखा गया है. सदन के भीतर के ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पकारों द्वारा तैयार किए गए हैं. सीलिंग पर धान की बालियां उकेरी गई हैं.

इस नए भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखेगी, जहां छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं के अनुरूप फैसलों को आकार मिलेगा. उपमुख्यमंत्री साव द्वारा विधानसभा परिसर के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे.

राज्योत्सव की तैयारियों का भी किया निरीक्षण

उप मुख्यमंत्री साव ने नए विधानसभा परिसर का अवलोकन करने के बाद नवा रायपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर पहुंचकर राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds