पीएम मोदी ने भारतीयों को सुनाया एक कार्ड का किस्सा, कहा- फ्रांस से मेरा 40 साल पुराना नाता

पेरिस : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय फ्रांस दौरे पर हैं। पीएम ने यहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करने के साथ कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पीएम ने इस बीच बीते दिन पेरिस में एक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित किया।प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में फ्रांस के साथ अपने चार दशक पुराने संबंधों के बारे में बात की।
फ्रांस के सांस्कृतिक केंद्र का जिक्र
पीएम ने कहा कि मेरा जुड़ाव फ्रांस से कोई नया नहीं है, ये कई दशक पुराना है। पीएम ने लगभग 40 साल पहले भारत में फ्रांस के सांस्कृतिक केंद्र अलायंस फ्रांसेज (Alliance Francaise) की सदस्यता लेने के बारे में याद किया और कहा कि वह पहले व्यक्ति थे जो इसके साथ पंजीकृत हुए थे।
मेंबरशिप कार्ड मेरे लिए अनमोलः पीएम मोदी
पेरिस में ला सीन म्यूजिकल में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा, दोस्तों, व्यक्तिगत रूप से फ्रांस के प्रति मेरा स्नेह बहुत लंबे समय से है और मैं इसे नहीं भूल सकता। लगभग 40 साल पहले, फ्रांस का एक सांस्कृतिक केंद्र अलायंस फ्रांसेज (Alliance Francaise) की शुरुआत गुजरात के अहमदाबाद से हुई और आज भारत के उस सांस्कृतिक केंद्र का पहला सदस्य आपके सामने बात कर रहा है। कुछ साल पहले फ्रांस सरकार ने मुझे उसके मेंबरशिप कार्ड की एक फोटोकॉपी दी थी और आज भी वह मेरे लिए अनमोल है।
फ्रांस की यात्रा महत्वपूर्ण
अलायंस फ्रांसेज का लक्ष्य दुनिया भर में फ्रेंच भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देना है। फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस से पहले पीएम मोदी ने फ्रांस के लोगों को बधाई दी और उन्हें आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने फ्रांस की इस यात्रा को ‘विशेष’ बताया क्योंकि वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लेंगे।
भारत और फ्रांस के बीच संबंधों के बारे में बोलते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच लोगों का जुड़ाव और आपसी विश्वास इस साझेदारी की सबसे मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा, ”हमारे लोगों का लोगों के बीच जुड़ाव, दो देशों के लोगों के बीच आपसी विश्वास भारत-फ्रांस साझेदारी की सबसे मजबूत नींव है।”