बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में नेशनल हाईवे 343 पर टमाटर से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद वाहन में लदे टमाटर सड़क पर बिखर गए. जिसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच टमाटर उठाने की होड़ मच गई। घटना बलरामपुर कोतवाली क्षेत्र के अधौरा गांव की बताई जा रही है।
अंबिकापुर से झारखंड जा रही थी पिकअप
जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन अंबिकापुर से टमाटर लेकर झारखंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान एनएच-343 पर अधौरा गांव के पास वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद टमाटर बिखरने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और टमाटर समेटने लगे।
घटना के बाद पिकअप चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और चालक वहां से क्यों चला गया. इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।