‘शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उतावला है पाकिस्तान’, पीएम मोदी का राहुल गांधी पर निशाना

आणंद : लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण से पहले गुजरात के आणंद में आज पीएम मोदी ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 सालों तक बैंक कब्जाए। कांग्रेस के शहजादे माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं, लेकिन कांग्रेस मुझे जवाब दे कि क्या इस देश में 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर लागू होता था?

उन्होंने आगे कहा कि मोदी के आने से पहले इस देश में दो संविधान, दो झंडे, दो प्रधानमंत्री थे। आपकी पार्टी कांग्रेस ने कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होने दिया। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।

पाकिस्तान पर पीएम मोदी का प्रहार

पीएम मोदी ने आगे कहा, “मैंने कश्मीर में तिरंगा झंडा फहराकर, भारत का संविधान लागू कर सरदार साहब का सपना पूरा किया। जो देश (पाकिस्तान) कभी आतंकी एक्सपोर्ट करता था वो आटे के इंपोर्ट के लिए दर-दर भटक रहा है, जिसके हाथ में बम का गोला था उसके हाथ में भीख का कटोरा है।”

पीएम मोदी ने कांग्रेस को दी तीन चुनौती

पीएम मोदी ने आगे आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और आई.एन.डी.आई. गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को तीन चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस और उनके चट्टे-बट्टे को तीन चुनौती देता हूं। पहला, वो लिखित में दें कि धर्म के आधार पर वो मुसलमानों को आरक्षण नहीं देने देगी। दूसरा, वो (कांग्रेस) एस-एसटी को मिलने वाली आरक्षण में सेंधमारी नहीं करेंगे।

तीसरा, जिन-जिन राज्यो में कांग्रेस और उनकी साथियों की सरकार है वो वोट बैंक की राजनीति नहीं करेंगे और बैकडोर से ओबीसी का आरक्षण काटकर मुसलमानों को नहीं देगी। मैं जानता हूं कि कांग्रेस मेरी चुनौतियों को स्वीकार नहीं करेगी क्योंकि कांग्रेस की नीयत में खोट है।

राहुल गांधी को पीएम बनाना चाहता पाकिस्तान: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने आगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा,”संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।”

वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है…

कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक की आकाओं को डोजियर देती थी।  मोदी सरकार डोजियर में टाइम बर्बाद नहीं करती। आतंकियों को घर में घुसकर मारती है।  पीएम मोदी ने आगे कहा, देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है।

‘चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा,”2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds