टोनही के शक में गर्म हंसिया से जलाकर महिला को फेंक दिया, नौ दिन बाद हो गई मौत

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम भदौरा में जादू-टोना के शक में 70 वर्षीय महिला को गर्म हंसिया से जलाने और पिटाई के बाद पड़ोसियों ने झाड़ियों में फेंक दिया। घटना की सूचना पर स्वजन घायल महिला को सिम्स लेकर आए। यहां उपचार के दौरान शनिवार की सुबह महिला की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो बैगा समेत सात लोगों को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी जाएगी।

मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम भदौरा में रहने वाले अमृतलाल सोनवानी ने जादू टोना के शक में मारपीट की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार की रात वे अपने काम पर गए थे। परिवार के सदस्य घर पर थे। इसी दौरान गांव के केजउ राठौर और उसके परिवार के लोग उनके घर आए। उन्होंने अमृत की मां भूरी बाई को आवाज देकर जगाया। दरवाजा खोलने पर वे उनकी मां पर जादू-टोने का आरोप लगाकर गाली-गलौज की। इसके बाद केजउ और परिवार के सदस्य महिला को लेकर अपने साथ लेकर अपने घर चले गए। अपने घर में उन्होंने भूरी बाई से मारपीट की। साथ ही गर्म हंसिया से जलाया। मारपीट से बेहोश महिला को अपने घर के बाहर झाड़ियों में फेंक दिया।

होश में आने पर महिला ने शोर मचाकर इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी। इसके बाद स्वजन झुलसी महिला को सिम्स लेकर आए। यहां उपचार के दौरान महिला का न्यायिक अधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराया गया। पहले तो महिला ने कुकर फटने से झुलसना बताया। इससे पुलिस उलझ गई। पुलिस ने गांव में एफएसएल की टीम को भेजकर जांच कराया। साथ ही गांव के लोगों के बयान दर्ज कराए गए। इसमें महिला से मारपीट की पुष्टि हुई। पुलिस ने मामले में टोनही प्रताड़ना और हत्या के प्रयास का जुर्म दर्ज कर लिया। इधर शनिवार की सुबह महिला की सिम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में सात आरोपित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

इनकी हुई है गिरफ्तारी

जादू टोने के शक महिला पर हमला करने वाले केजउ राठौर निवासी भदौरा, सुरेश के साथ ही रवि उर्फ लल्ला राठौर (23) निवासी धाराशिव जिला जांजगीर-चांपा, संतोष राठौर (38) निवासी पुरानी बस्ती जांजगीर, देवी कहरा (48) निवासी भीमा तालाब जांजगीर, धरम कहरा (45) निवासी किकिरदा जिला जांजगीर-चांपा, बिशालनाथ राठौर (48) निवासी हालाहुली जिला रायगढ़ को मस्तूरी पुलिस ने पकड़ा है। आरोपित को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर जेल दाखिल कराया है। मस्तूरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार अनंत ने बताया कि मामले में अब हत्या की धाराएं जोड़ी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds