कुख्यात आरोपी गिरफ्तार : डकैती के मामले में था फरार, दुष्कर्म के आरोप में जा चुका है जेल

रायगढ़: जिले में ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ-सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। इसी कड़ी में रायगढ़ पुलिस ने बॉल टू बॉल ऑनलाइन सट्टा खिलाते और खेलते दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी ऐसा है, जो पहले दुष्कर्म और डकैती जैसी वारदातों में शामिल रह चुका है। साथ ही लंबे समय से फरार भी चल रहा था। यह पूरा मामला छाल थाना क्षेत्र का है।

कैसे पकड़ाया आरोपी ?

दरअसल, पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि IPL में पंजाब किंग्स इलेवन और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे मैच के दौरान बॉल टू बॉल ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश में छाल पुलिस एक्टिव हुई। इसके बाद कुरकुट नदी पुल के पास घेराबंदी कर छापेमारी की गई और आरोपी चंद्रभूषण डनसेना को पकड़ा गया। पुलिस की टीम ने जब उसके मोबाइल की जांच की तो क्रिकेट सट्टा से जुड़ा डिजिटल सबूत, ऑनलाइन लेन-देन और हार-जीत के दांव के रिकॉर्ड मिले।

दांव लगाने वाला भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि रूपधर पटेल ने आरोपी चंद्रभूषण डनसेना को 1500 रुपए ट्रांसफर कर क्रिकेट मैच में दांव लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने बरभौना में रहने वाले रूपधर पटेल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से नगदी और मोबाइल भी जब्त किया है।

जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को पता चला कि आरोपी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दू कोई साधारण सटोरिया नहीं बल्कि कुख्यात अपराधी है। मार्च 2023 में छाल क्षेत्र की एक युवती ने उसपर दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। जेल से छुटने के बाद उसने रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में स्थित ट्रेडिंग ऑफिस में साथियों के साथ डकैती की थी। वारदात के बाद से वो फरार था और ओडिशा, रायपुर, रायगढ़ और बरभौना में छिपकर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds