लॉगिन

सिर कटी लाश का राज खुला प्रेम प्रसंग का खात्मा करने पति-पत्नी ने मिलकर काट डाला गला, धड़ भी बरामद

Chhattisgarh October 6, 2026 रिपोर्टर: shailesh
सिर कटी लाश का राज खुला प्रेम प्रसंग का खात्मा करने पति-पत्नी ने मिलकर काट डाला गला, धड़ भी बरामद

सिर कटी लाश का राज खुला प्रेम प्रसंग का खात्मा करने पति-पत्नी ने मिलकर काट डाला गला, धड़ भी बरामद

बलरामपुर : जिले के ठवरा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले मिली युवक की सिर कटी लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के आरोप में एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है और इसी विवाद के चलते युवक की हत्या की साजिश रची गई।

जंगल में मिली थी सिर कटी लाश

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर को भीतर चिल्मा के उबका जंगल में मक्के के खेत के पास एक युवक का सिर कटा शव मिला था। मौके पर शव का धड़ नहीं था। घटनास्थल के नजदीक एक स्कूटी भी लावारिस हालत में बरामद हुई थी। शव की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को 2 अक्टूबर को शाम से लापता वसीम अंसारी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद बरामद शव की पहचान वसीम के रूप में की गई।

कॉल डिटेल से दंपत्ति तक पहुंची पुलिस

मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान ग्राम चिल्मा निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो पर संदेह गहराया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर टीम ने उबका जंगल में दोबारा तलाश अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने जंगल से मृतक के शव का धड़ भी बरामद कर लिया।

प्रेम संबंध को लेकर पति-पत्नी में होता था विवाद

पुलिस की जांच के अनुसार, वसीम अंसारी और मनवासो के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध था। इस वजह से मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद से परेशान होकर दोनों ने वसीम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

बुलाकर हत्या करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दंपत्ति ने कथित तौर पर वसीम को योजना के तहत बुलाया और इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को जंगल मे ठिकाने लगाने और पहचान छिपाने का प्रयास किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds