लॉगिन

मामूली विवाद पर हत्या : लोहे की रॉड मारकर युवक को उतारा मौत के घाट, अस्पताल में तोडा दम

Chhattisgarh September 18, 2025 रिपोर्टर: shailesh
मामूली विवाद पर हत्या : लोहे की रॉड मारकर युवक को उतारा मौत के घाट, अस्पताल में तोडा दम

मामूली विवाद पर हत्या : लोहे की रॉड मारकर युवक को उतारा मौत के घाट, अस्पताल में तोडा दम

दुर्ग : जिले से एक बड़ी और दर्दनाक घटना सामने आई है। विश्वकर्मा जयंती के मौके पर खुर्सीपार इलाके में मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। खुर्सीपार निवासी आरोपी सुरेंद्र महानंद का बीती रात करीब 11 बजे योगेंद्र सिंह के साथ झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इसी दौरान मृतक एस कामेश (27 वर्ष) ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन विवाद थमने के बजाय और बढ़ गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

दरअसल, योगेंद्र सिंह घटना के बाद सीधे खुर्सीपार थाने जाकर शिकायत दर्ज कराने पहुंचा। इसी बीच आरोपी सुरेंद्र ने गुस्से में आकर कामेश को निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र ने लोहे की रोड से कामेश के सिर पर वार कर दिया। हमले से गंभीर रूप से घायल कामेश को खून से लथपथ हालत में आसपास के युवकों ने सुपेला सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक कामेश के पिता एस. हरीश राव ने बताया कि सुरेंद्र ने उनके बेटे पर लोहे की रोड से हमला किया और घटना के बाद उसकी मां ने मौके पर खून को पानी से साफ करने की कोशिश भी की। इस दौरान पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कामेश की महज दो महीने बाद शादी होने वाली थी। लड़की देख ली गई थी और विवाह की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। परिवार पर यह दुख का पहाड़ अचानक टूट पड़ा। मृतक की दो बहनें और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

कामेश का दोस्त योगेंद्र सिंह ने बताया कि झगड़ा दरअसल उसके साथ हुआ था। आरोपी ने उसे पत्थर से मारने की भी कोशिश की थी, लेकिन वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने चला गया। इसी बीच सुरेंद्र ने उसके सबसे करीबी दोस्त कामेश पर हमला कर उसकी जान ले ली।

आरोपी मौके से फरार 

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि खुर्सीपार में रात करीब 11 बजे विवाद के बाद आरोपी सुरेंद्र ने लोहे की रोड से हमला कर कामेश की हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds