छत्तीसगढ़ में 3 दिन बाद फिर मानसून होगा सक्रिय, आज इन इलाकों में होगी बारिश

रायपुर. छत्तीसगढ़ में बारिश की रफ्तार पर पिछले कुछ दिनों से ब्रेक लग गया है. जिसके चलते कुछ क्षेत्रों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. हालांकि उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने तीन दिन बाद मानसून फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है.

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर वर्षा की गतिविधि दर्ज की गई. सरगुजा संभाग के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई. इस दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 37.4 डिग्री माना में, जबकि सबसे कम तापमान 22 डिग्री पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया.

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बिहार और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे जुड़ा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है. एक द्रोणिका पूर्वोत्तर बांग्लादेश से दक्षिण गुजरात तक फैली हुई है, जो समुद्र तल से 3.1 किमी ऊंचाई पर है. दूसरी द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से होते हुए मेघालय तक फैली है, जिसकी ऊंचाई 0.9 से 1.5 किमी तक है. ये दोनों प्रणालियां प्रदेश में नमी ला रही हैं और बारिश के लिए अनुकूल वातावरण बना रही हैं.

प्रदेश में आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. वहीं कुछ इलाकों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है. उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश होने की सम्भावना है.

रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर की बात करें तो आज  आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है. इस दौरान तापमान 37 डिग्री से लेकर 26 डिग्री के आसपास बने रहने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds