लॉगिन

मोबाईल लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी और 6 नाबालिग गिरफ्तार

Chhattisgarh September 13, 2025 रिपोर्टर: shailesh
मोबाईल लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी और 6 नाबालिग गिरफ्तार

मोबाईल लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, 3 आरोपी और 6 नाबालिग गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लूटपाट, झपटमारी और राहगीरों पर धारदार हथियार से हमला कर मोबाइल व नगदी छीनने वाले गैंग को पकड़ने में पुलिस ने कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत 3 बालिग आरोपियों और 6 नाबालिग आपचारी बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। इनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त 4 मोबाइल फोन, 2 चाकू, 1 कटर और 3 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में राहगीरों को निशाना बनाकर मोबाइल व नगदी छीन लेता था। विरोध करने पर चाकू व कटर से हमला कर फरार हो जाते थे। जिले के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ लूट, चोरी, झपटमारी, हत्या का प्रयास सहित कुल 14 मामले दर्ज हैं। ये आरोपी मोटरसाइकिल का उपयोग कर घटनाओं को अंजाम देते थे। थाना भिलाई नगर में 4, मोहन नगर में 1, स्मृति नगर में 1, वैशाली नगर में 1, खुर्सीपार में 2, जामुल में 1 और जेवरा सिरसा में 3 मामले दर्ज हैं। अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टेक्निकल जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान की।

सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सूचना के आधार पर 3 आरोपियों टिल्लू उर्फ कुनाल, आलम और अनुज की पहचान की गई। पुलिस ने इन आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य साथियों के नाम बताए और विभिन्न थाना क्षेत्रों में शामिल होकर घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके साथ ही 6 नाबालिग आपचारी बालकों को विधिवत् हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों से घटनाओं में प्रयुक्त हथियार, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया। प्रार्थियों से पहचान कराई गई, जिसमें आरोपियों की पहचान की पुष्टि हुई।

एसीसीयू और विभिन्न थानों की टीम ने अपराधियों की धरपकड़ में अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि झपटमारी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds