मिमिक्री मामले ने तूल पकड़ा, राज्यसभा में बोले जगदीप धनखड़- मेरी जाति और किसान का किया अपमान

नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री मामले में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। यह पूरा मामला मंगलवार को उस समय सामने आया था, जब कुल मिलाकर 141 विपक्षी सांसदों और राज्यसभा सदस्यों को निलंबित कर दिया गया।

इसका विरोध जताने के लिए जब सभी विपक्षी सांसद संसद भवन के बाहर जमा हुए, तो कल्याण बनर्जी ने राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारी। उस समय सभी सांसद ठहाके लगाकर हंसते नजर आए।

जगदीप धनखड़ बोले- मेरी जाति का अपमान

राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान सभापति जगदीप धनखड़ ने एक बार फिर मिमिक्री कांड का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेरी जाति का अपमान हुआ है। जाट और किसान का अपमान हुआ है।

पीएम मोदी ने की जगदीप धनखड़ से फोन पर बात

मिमिक्री मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से फोन पर बात की। इसकी जानकारी जगदीप धनखड़ ने अपने एक्स हेंडल पर दी।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 20 साल से उन्हें भी ऐसे ही अपमान का सामना करना पड़ रहा है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह की हरकतें उन्हें अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने से नहीं रोक सकती है।

राष्ट्रपति ने भी जताई निराशा

संसद परिसर में जिस तरह से हमारे सम्मानित उपराष्ट्रपति को अपमानित किया गया, उसे देखकर मुझे निराशा हुई। निर्वाचित प्रतिनिधियों को अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन उनकी अभिव्यक्ति गरिमा और शिष्टाचार के मानदंडों के भीतर होनी चाहिए। हमें संसदीय परंपरा पर गर्व है और भारत के लोग उनसे इसे कायम रखने की उम्मीद करते हैं। – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

मिमिक्री विवाद पर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘किसी को ठेस पहुंचाने का मेरा कभी कोई इरादा नहीं रहा। पीएम ने 2014-2019 के बीच लोकसभा में मिमिक्री की थी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds