न्यू ईयर ईव से पहले एमडी ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, पार्टियों में सप्लाई की थी तैयारी

रायपुर : नव वर्ष 2026 के आगमन से पहले रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने वाले दुर्ग निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी न्यू ईयर ईव के मौके पर फार्म हाउस और क्लबों में आयोजित होने वाली पार्टियों में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने की फिराक में था।
एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिद्धार्थ चौक स्थित नरैय्या तालाब के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित मादक पदार्थ के साथ खड़ा है और उसे खपाने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर एण्टी क्राईम एंड साइबर यूनिट एवं थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुल करीम उर्फ समीर, निवासी पाटन, जिला दुर्ग बताया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 04 ग्राम 790 मिलीग्राम एमडी ड्रग्स एवं 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपये आंकी गई है।