रायपुर : रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में आधी रात लूट की वारदात सामने आई है. एक्सप्रेस-वे पर दो बदमाशों ने एक MBA छात्र पर डंडे से हमला कर उसके साथ लूटपाट की. आरोपियों ने छात्र से करीब ₹80 हजार कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया और मौके से फरार हो गए.
एमबीए छात्र से आधी रात लूट, डंडे से युवक पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र 23 जुलाई की रात अपने दोस्त इंद्रजीत के साथ टेलीबंधा मरीन ड्राइव से स्कूटी पर घर लौट रहा था. इसी दौरान एक्सप्रेस-वे पर दो अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया. विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे से हमला कर छात्र के साथ मारपीट की.
हमले के दौरान बदमाशों ने सितांशु की शर्ट की जेब में रखा करीब 80 हजार रुपए कीमत का मोबाइल छीन लिया. छीना-झपटी में उसकी शर्ट भी फट गई. लगातार हमले के बीच युवक किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला और अपनी जान बचाई.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित पहले तेलीबांधा थाना पहुंचा. वहां से घटनास्थल न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होने के कारण उसे संबंधित थाने भेजा गया। मारपीट में उसके बाएं हाथ, सिर और पीठ पर चोटें आई हैं.
उसने न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज कराया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है.