Martin Hindi Teaser: इस कन्नड़ फिल्म का टीजर देख ‘KGF 2’ का एक्शन भूल जाएंगे, हिंदी में भी होगी रिलीज

मुंबई :  पिछले कुछ सालों में कन्नड़ सिनेमा की फिल्मों ने देशभर में तहलका मचाया है। केजीएफ 2 हो या कांतारा या फिर कार्तिकेय 2… इन फिल्मों ने हिंदी बेल्ट में भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन किया और दर्शकों का प्यार पाया। खासकर, फिल्मों के एक्शन की जमकर सराहना हुई। इस साल भी कन्नड़ सिनेमा से कुछ फिल्में पैन इंडिया रिलीज के लिए तैयार हैं।

इनमें से एक मार्टिन है, जो हिंदी में भी रिलीज की जाएगी। गुरुवार शाम को बेंगलुरु में हुए स्पेशल इवेंट में फिल्म का टीजर रिलीज किया गया, जो वायरल हो गया है। मार्टिन देशभक्ति में लिपटी एक हाइ ओक्टेन एक्शन फिल्म है, जिसमें ध्रुव सरजा ने मुख्य किरदार निभाया है। फिल्म का निर्देशन एपी अर्जुन ने किया है।

पाकिस्तान में दम दिखाएगा मार्टिन

फिल्म का निर्माण वासवी एंटरप्राइजेज के बैनर तले उदय के मेहता ने किया है। खास बात यह है कि टीजर में सिर्फ एक्शन दृश्यों की झलक दिखायी गयी है, संवादों का इस्तेमाल बहुत किया गया है। बैकग्राउंड स्कोर ने एक्शन दृश्यों के असर को गहरा कर दिया है। टीजर की शुरुआत पाकिस्तान के दृश्यों से होती है। आवाज आती है, ऐसा क्रूएल इंसान मैं पहली बार देख रहा हूं।

दृश्य बदलते रहते हैं और कैमरा एक कड़ी सुरक्षा वाली जेल में जाकर रुकता है। यहां ध्रुव सरजा के कैरेक्टर से परिचय होता है। मस्क्युलर बॉडी वाले सरजा के जिस्म पर टैटू गुदे हैं। एक बाजू पर इंडियन लिखा है। जेल में फाइट के सीन आते हैं। गाड़ियों के उड़ने के सीन हैं। फिल्म के प्रमुख किरदारों की झलकियां भी दिखायी गयी हैं।

यह है पूरी स्टार कास्ट

ध्रुवा सरजा ने एपी अर्जुन की फिल्म अधूरी से डेब्यू किया था। मार्टिन के एक्शन को रवि वर्मा और राम लक्ष्मण ने कोरियोग्राफ किया है। मनी शर्मा ने संगीत दिया है और सत्या हेगड़े ने सिनेमैटोग्राफी की है। फिल्म में निकितिन धीर, वैभवी शांडिल्य, अन्वेशी जैन अहम भूमिकाओं में दिखेंगे। मार्टिन कन्नड़ के साथ तेलुगु, तमिल, मलयालम और हिंदी में रिलीज होगी।

इसके अलावा कन्नड़ फिल्म कब्ज़ा भी हिंदी में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म से कन्नड़ एक्टर उपेंद्र हिंदी डेब्यू कर रहे हैं। किच्चा सुदीप भी फिल्म में सहयोगी किरदार में दिखेंगे। यह पीरियड गैंगस्टर ड्रामा है, जिसकी कहानी चालीस के दौर से अस्सी के मध्य तक सफर करती है। इसका ट्रेलर भी काफी पसंद किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds