सिख पुलिस अफसर पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा पर भड़कीं ममता, कहा- यही उसका सांप्रदायिक चेहरा

कोलकाता : पिछले हफ्ते संदेशखाली जाने से रोके जाने पर भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी द्वारा एक सिख आईपीएस अधिकारी को खालिस्तानी कहने वाले मामले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले में भाजपा की आलोचना की है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि यह भाजपा के असली सांप्रदायिक चेहरे को दर्शाता है।

भाजपा पर ममता बनर्जी का निशाना

एक आधिकारिक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जब वे (भाजपा) किसी आईपीएस अधिकारी को पगड़ी में देखते हैं तो वे उन्हें खालिस्तानी कहते हैं। यह उनका असली सांप्रदायिक चेहरा है।”

पिछले हफ्ते संदेशखाली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात सिख आईपीएस अधिकारी जसप्रीत सिंह ने दावा किया था कि भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के साथ चल रहे पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें खालिस्तानी कहा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को कहा, “मैं अपनी ड्यूटी कर रहा हूं। आप मेरे धर्म को क्यों निशाना बना रहे हैं।” पुलिस अधिकारी को खालिस्तानी कहे जाने के विरोध में सिख समुदाय के लोगों ने कोलकाता में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय और आसनसोल में उसके कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था।

इस मामले पर शुभेंदु अधिकारी के साथ वहां मौजूद भाजपा के अन्य नेता अग्निमित्र पॉल ने अधिकारी पर सही से काम नहीं करने का आरोप लगाया था। उन्होंने भाजपा नेता द्वारा अधिकारी को खालिस्तानी कहने के दावों को भी खारिज कर दिया था।

भाजपा पर लगाया योजनाओं की नकल करने का आरोप

ममता बनर्जी ने इसी के साथ दावा किया कि कई राज्यों में भाजपा उनकी कल्याणकारी योजनाओं की नकल कर रही है। उन्होंने इसपर कहा, “भाजपा कहती है कि हमने बंगाल के विकास के लिए कुछ नहीं किया। लेकिन तथ्य यह है कि कई राज्यों में भाजपा हमारी योजनाओं की नकल कर रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds