लॉगिन

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया हेरोइन सप्लायर, बड़े नेटवर्क का खुलासा

Chhattisgarh November 6, 2026 रिपोर्टर: shailesh
पुलिस की बड़ी कार्रवाई : पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया हेरोइन सप्लायर, बड़े नेटवर्क का खुलासा

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : पंजाब के अमृतसर से पकड़ा गया हेरोइन सप्लायर, बड़े नेटवर्क का खुलासा

बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सप्लायर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है. एसीसीयू बिलासपुर और थाना सकरी की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपी को दबिश देकर पकड़ा. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

बिलासपुर पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में तकनीकी इनपुट और पूर्व में गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम अमृतसर पहुंची और मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू (40 वर्ष), निवासी महेंद्रा एवेन्यू, सुल्तान विंड, अमृतसर (पंजाब) को गिरफ्तार किया.

दीपक वालिया से पूछताछ में सामने आया था मुख्य सप्लायर का नाम

इस कार्रवाई की शुरुआत थाना सकरी क्षेत्र में हुई पिछली गिरफ्तारी से जुड़ी है. पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को उसलापुर बाजार के पास से दीपक वालिया (32 वर्ष), निवासी अमृतसर एवं हाल मुकाम उसलापुर, बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया था. उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है, और 10,500 रुपए नकद जब्त किए गए थे.

इस मामले में थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 और 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया था. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था.

पुलिस के अनुसार, दीपक वालिया से पूछताछ और बिलासपुर साइबर सेल से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर हेरोइन की सप्लाई के तार अमृतसर निवासी रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू से जुड़े होने की जानकारी मिली. इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सकरी की विशेष टीम पंजाब रवाना की गई.

अमृतसर में दबिश देकर की गिरफ्तारी

पंजाब पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए कथित मुख्य सप्लायर रविंद्रजीत सिंह उर्फ रिंकू को गिरफ्तार कर लिया. उसे बिलासपुर लाया गया, जहां थाना सकरी में एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई. पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे, एएसआई सुरेंद्र तिवारी, राजेश्वरधर दीवान तथा एसीसीयू के आरक्षक राकेश यादव और रमेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds