लॉगिन

छत्तीसगढ़ में नकली शराब के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री बरामद

Chhattisgarh March 21, 2025 रिपोर्टर: Mahima Yadav
छत्तीसगढ़ में नकली शराब के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री बरामद

छत्तीसगढ़ में नकली शराब के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, भारी मात्रा में सामग्री बरामद

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में नकली शराब के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली शराब और इसे बनाने की सामग्री बरामद की गई है। इस दौरान रामानुजगंज निवासी रवि गुप्ता को कार समेत गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार, आरोपी नकली शराब बनाकर छत्तीसगढ़ और झारखंड में सप्लाई करता था।

अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा, बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

पुलिस को सूचना मिली थी कि रामानुजगंज थाना क्षेत्र के कंचननगर में नकली शराब बनाने का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान स्प्रीट, शराब की शीशियां, विभिन्न ब्रांड के रेपर, बारकोड, हॉलमार्क स्टीकर सहित नकली शराब बनाने की अन्य सामग्री जब्त की गई।

शराब दुकान में काम कर सीखा गोरखधंधा

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पहले शराब दुकान में काम कर चुका था, जिससे उसे शराब निर्माण और ब्रांडिंग की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने नकली शराब बनाने और उसे बाजार में खपाने का गोरखधंधा शुरू कर दिया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने नकली शराब छत्तीसगढ़ और झारखंड के कई इलाकों में सप्लाई की थी।

नकली शराब नेटवर्क की जांच जारी

आबकारी उपनिरीक्षक नीरज साहू ने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट में कई और लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश जारी है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds