रायपुर। रायपुर जिले में एग्रीमेंट के तहत 183 मिलर्स में अभी तक सिर्फ आधा दर्जन मिलर्स ही कस्टम मिलिंग का शत-प्रतिशत छत्तीसगढ़ चावल नागरिक आपूर्ति निगम को लौटा पाए है। शेष 177 मिलर्स के पास अभी भी 1 लाख 16 हजार 562 टन चावल उप है, जिसे जमा नहीं किया है। इस उप चावल की कीमत 4 अरब 66 करोड़ रुपए से अधिक है।
अब प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
इन मिलर्स में 11 ऐसे है, जिनके द्वारा अब तक चावल का एक दाना भी जमा नहीं किया गया है। इधर मिलर्स द्वारा चावल जमा करने में बरती जा रही लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अब इन मिलर्स के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसके लिए इन सभी मिलर्स को नोटिस भी जारी किया है और उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि अगर वे 3 दिन में अनुबंध के तहत चावल जमा नहीं करेंगे। तो उनके विरुद्ध सख्ती बरतते हुए बैंक गारंटी को जन्ती बनाने से लेकर उनके मिल में सीलबंदी की कार्रवाई की जाएगी।
अब तक सिर्फ 1.51 लाख टन चावल जमा
1398021.55 टन धान उठाव के विरुद्ध 267676.85 टन जमा होना है चावलः विभाग से मिले आंकड़ो के अनुसार जिले में एग्रीमेंट के तहत 183 राइस मिलर्स द्वारा कुल 398021.55 टन धान का उठाव किया गया है। इस धान के विरुद्ध कुल 267676.85 टन चावल जमा किया जाना है, लेकिन अभी तक कुल 151114.34 टन चावल ही जमा हो पाया है। इस तरह शेष – 116562.46 टन चावल जमा होना बाकी है। धान का उठाव 15 नवंबर 2025 से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक हुआ था। इस तरह धान का उठाव किए साढ़े सात महीने हो चुके है। इसके बाद भी मिलर्स द्वारा अब तक महज 154.94 प्रतिशत चावल ही जमा कर पाए है।
11 मिलर्स एक दाना भी नहीं कर पाए जमा
चावल जमा नहीं करने वालों में 11 मिलर्स ऐसे है, जिनके द्वारा इतने महीनों में चावल का एक दाना भी जमा नहीं किया है। इन मिलरों ने करोड़ो रुपए का चावल अपने मिल में ही डंप कर रखा है। हाल ही में कलेक्टर के निर्देश पर अपर कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक ली थी. जिसमे कस्टम मिलिंग के चावल के संबंध में समीक्षा की गई थी। इस दौरान अपर कलेक्टर ने चावल जमा नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए मिलर्स पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए है, ताकि आगामी माह तक शत-प्रतिशत चावल जमा हो जाए।
राइस मिलर्स अब तेजी से नान को चावल जमा करेंगे
रायपुर. राइस मिल एसोसिएशन अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि अभी तक एफसीआई को चावल जमा करने को प्राथमिकता दे रहे थे। दो माह का एक साथ चावल वितरण करना है. इसलिए अब नान का चावल जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। सभी राइस मिलर्स अब तेजी से नान को चावल जमा करेंगे।
32 मिलर्स ही 90 से 100 प्रतिशत चावल कर पाए हैं जमा
183 मिलर्स मे 32 ही ऐसे है, जो उठाए गए कुल धान के एवज में 90 से 100 प्रतिशत तक चावल जमा कर पाए है, वहीं इनमें भी 6 मिलर्स ही 100 प्रतिशत चावल जमा किए है। इसी प्रकार करीब 80 मिलर्स ने 50 से 90 प्रतिशत तक चावल जमा किए हैं।
चावल जमा नहीं किया तो होगी कार्रवाई
रायपुर, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स पर सख्ती बरती जाएगी। कलेक्टर के निर्देश पर राइस मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है। इसके बाद भी चावल जमा नहीं किया तो बैंक गारंटी जब्त कर मिल में सीलबंदी की कार्रवाई की जाएगी।