महाराष्ट्र के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे कोरोना पॉजिटिव, ठाणे में नए वेरिएंट के 5 मरीज मिले

मुंबई। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच महाराष्ट्र में कोविड के नए वेरिएंट ने सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। महाराष्ट्र के कृषि मंत्री धनंजय मुंडे भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार को यह जानकारी दी। मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 50 नए मामले सामने आए, जिसके बाद महामारी फैलने के बाद से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 81,72,135 हो गई। नए मामलों में से नौ जेएन.1 उपस्वरूप से जुड़े हैं।

मुंडे के कार्यालय ने की पुष्टि
अजित पवार ने कहा कि कोविड-19 से घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे एक कैबिनेट सहयोगी – धनंजय मुंडे कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, प्रशासन राज्य में सावधानी बरत रहा है और इसके प्रसार को रोकने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुंडे के कार्यालय ने भी मंत्री के संक्रमित होने की पुष्टि की है। मंत्री के कार्यालय के एक कर्मचारी ने कहा कि वह नागपुर में आयोजित राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन (20 दिसंबर) संक्रमित पाए गए।

नए वेरिएंट के 10 मरीज हुए
इसके साथ ही राज्य में इस नए वेरिएंट जुड़े मामलों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई। हेल्थ बुलेटिन के अनुसार जेएन.1 रोगियों में ठाणे शहर के पांच, पुणे शहर के दो, और पुणे जिले, अकोला शहर और सिंधुदुर्ग जिले के ग्रामीण इलाकों का एक-एक रोगी शामिल हैं। पुणे के एक मरीज ने अमेरिका की यात्रा की थी।

ठाणे में 5 नए मरीज मिले
ठाणे में नए वेरिएंट के पांच मरीज मिले हैं। ठाणे नगर निगम क्षेत्र में पाए गए नए वैरिएंट के पांच मरीजों में चार पुरुष और एक महिला शामिल हैं। इस पांचवें व्यक्ति की हालत स्थिर होने के कारण इन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके साथ ही अब ठाणे में नए वेरिएंट के मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

कोविड जांच बढ़ाने पर दिया जा रहा जोर
वहीं मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण ठाणे नगर निगम अलर्ट मोड पर है और प्रशासन की ओर से साफ कर दिया गया है कि अब जांच बढ़ाई जाएगी। मुंबई और ठाणे शहरों में भी नए वेरिएंट के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। सबसे 19 साल की एक लड़की को ठाणे नगर निगम के कलवा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद रविवार को पांच मरीज और जुड़ गए हैं।

मरीजों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया
इन सभी को बुखार होने पर इनका कोरोना टेस्ट कराया गया था। उनके नमूने पुणे की एक प्रयोगशाला में भेजे जाने के बाद पता चला कि वे पॉज़ीटिव थे। हालांकि, नगर निगम प्रशासन के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और होम आइसोलेशन में रखा गया है। राज्य सरकार में मंत्री संजय बनसोडे ने स्वास्थ्य अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों में वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds