राइस मिल व थोक दुकानों में देर रात प्रशासन की दबिश, 57 लाख का धान जब्त

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले में धान की अवैध खरीद फरोख्त करने वाले राइस मिलरों समेत थोक अनाज विक्रेताओं पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार रात कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर छापामार कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान चार राइस मिलों समेत तीन थोक अनाज विक्रेताओं से लगभग 57 लाख का 2591 क्विंटल धान जब्त किया गया। मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है। प्रशासन की कार्रवाई आज भी जारी रहेगी।

सूरजपुर जिले में धान की अवैध खरीदी की सूचना सामने आ रही थी। जिले के सरहदी क्षेत्र से चोरी छिपे धान की आवक हो रही थी। इसके अलावा कोचिया भी इस कारोबार में संलग्न थे। नवपदस्थ कलेक्टर रोहित व्यास ने धान की अवैध खरीदी पर नकेल कसने शुक्रवार रात कई टीम बनाकर कार्रवाई शुरू की। सूरजपुर जिले के अलग अलग स्थानों में संचालित राइस मिल एवं थोक व्यापारी के गोदाम में टीम ने दबिश देकर भारी मात्रा में धान जब्त किया।

किसी तरह का कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर मंडी अधिनियम के तहत धान जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई देर रात तक चलती रही इस दौरान अमन फ्लोर मिल पर्री से 453 क्विंटल, सक्षम फ़ूड 428 क्विंटल, गोयल इंडस्ट्रीज 378 क्विंटल, महामाया राइस इंडस्ट्रीज 442 क्विंटल, मित्तल राइस 375 क्विंटल, रामादुग्रह उपाध्याय 312 क्विंटल एवं डागा ट्रेडर्स से 203 क्विंटल धान जब्त किया गया। धान की कुल जब्ती 2591 क्विंटल की गई है। इसका बाजार मूल्य 56 लाख 56 हजार 153 रुपये है। कलेक्टर व्यास के अनुसार आज भी यह कार्रवाई चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds