चैंपियन फैक्टरी में 50 फीट की ऊंचाई से गिरकर श्रमिक की मौत, बीडीएम अस्पताल में लगी ग्रामीणों की भीड़

कोरबा : कोरबा रोड चांपा से लगी चैंपियन फैक्टरी में कल दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। फैक्टरी में करीब 50 फीट की ऊंचाई से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद उसे आनंद खनन में शासकीय बीडीएम अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चांपा से लगे कुरदा गांव निवासी मोतीलाल यादव उम्र 35 वर्ष चैंपियन फैक्ट्री में ठेका श्रमिक था। कल दोपहर करीब 12 से 1 बजे के आसपास वह फैक्टरी में करीब 50 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा और सेफ्टी बेल्ट अपने शरीर में बांधने के बाद उसके हुक को सपोर्ट में लगा रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ा और वह 50 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया।

दुर्घटना में उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इधर घटना के बाद फैक्टरी में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मोतीलाल को बीडीएम अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कुरदा सरपंच सहित ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचने लगे। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश नजर आने लगा।

सरपंच का कहना है कि कंपनी प्रबंधन ने मृतक परिवार को सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया है मगर परिजन पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के लिए मंजूरी नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि मृतक परिवार के लिए मुआवजा तय हो जाए। इसके बाद सारी प्रक्रिया पूरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds