लॉगिन

कोनी थानेदार नवीन देवांगन निलंबित, जहरीली शराब कांड में लापरवाही का आरोप

Chhattisgarh March 11, 2025 रिपोर्टर: Mahima Yadav
कोनी थानेदार नवीन देवांगन निलंबित, जहरीली शराब कांड में लापरवाही का आरोप

कोनी थानेदार नवीन देवांगन निलंबित, जहरीली शराब कांड में लापरवाही का आरोप

बिलासपुर। पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला के निर्देश पर पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने कोनी थाना प्रभारी (टीआई) नवीन कुमार देवांगन को निलंबित कर दिया है। उन पर धारा 112/24, 268/24, 283/24, 302/24, 468/24, 22/25 और 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत जांच में लापरवाही का गंभीर आरोप है।

दरअसल, बीते माह लोफंदी गांव में जहरीली महुआ शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद एसपी ने अवैध शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस ने छापेमारी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें अदालत में पेश किया। लेकिन केस डायरी में उनके आपराधिक रिकॉर्ड को शामिल नहीं किया गया, जिससे आरोपियों को जमानत मिल गई।

जब यह मामला पुलिस के आला अधिकारियों के संज्ञान में आया, तो उन्होंने इसे कोनी पुलिस की गंभीर लापरवाही माना और कार्रवाई की सिफारिश की। इसके बाद एसपी रजनेश सिंह ने टीआई नवीन देवांगन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

ये है पूरा मामला

कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी गांव में जहरीली महुआ शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। इनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की कुल संख्या नौ हो गई। इस घटना ने पुलिस प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया, जिसके बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds