पत्नी को मारा और फिर दिमाग खा गया, खोपड़ी को बनाया एश ट्रे, हत्यारा बोला- शैतान ने करवाया

मैक्सिको सिटी: मेक्सिको में हुए एक भयानक अपराध ने पूरे देश को झकझोर दिया है। यहां एक व्यक्ति को उसकी पत्नी की हत्या और उसके शव के साथ डरावने काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस शख्स को गिरफ्तार किया गया वह शैतान की पूजा करता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने अपनी पत्नी के दिमाग को टाकोस में भर कर खा लिया। टाकोस एक प्रसिद्ध व्यंजन है जो रोटी जैसा होता है और उसमें ऊपर से अलग-अलगी चीजों को भर कर खाया जाता है।
यहां भी जब इस राक्षस का मन नहीं भरा तो उसने अपनी पत्नी के दिमाग को एश ट्रे बना लिया और उसमें सिगरेट की राख डालने लगा। पीड़िता के परिवार वालों का कहना है कि आरोपी नशे का आदी है। वह पहले भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता रहता था। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी का नाम अल्वारो (32) है, जिसे 2 जुलाई को प्यूब्ला में कपल के घर से पकड़ा गया था। अल्वारो एक बिल्डर के रूप में काम करता था। उसकी पत्नी की मां मारिया एलिसिया ने 29 जून को अल्वारो पर हत्या का आरोप लगाया।
‘हत्या के लिए शैतान ने कहा’
अधिकारियों के मुताबिक अल्वारो ने जब इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया तब उसने ड्रग्स ले रखा था। जांच के दौरान अल्वारो ने कहा कि ऐसा करने के लिए उसे शैतान ने आदेश दिया। हत्या के बाद अल्वारो ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और उसके प्लास्टिक की थैलियों में भर कर रख दिया। कुछ थैलियों को उसने घर के पीछे बने एक गड्ढे में फेंक दिया, जबकि एक अन्य को घर के अंदर ही रखे रहा।
हत्या के बाद बेटी को किया फोन
पीड़ित का नाम मारिया मोंटसेराट था। उसके 12 से 23 साल की पांच बेटियां थीं। रिपोर्ट के मुताबिक हत्या के बाद अल्वारो ने एक बेटी को फोन किया और उसे उसकी मां को मारने की बात कबूली। उनके परिजनों का कहना है कि अल्वारो और उसकी पत्नी दोनों ही शैतान की पूजा करते थे। वह इससे जुड़ा पोस्ट भी सोशल मीडिया पर डालते थे। अधिकारियों का कहना है कि वह इस मामले में ज्यादा से ज्यादा सबूत इकट्ठा कर रहे हैं, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके।