
बंगलरु : भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में महिला मतदाता पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि महिला मतदाता के समर्थन को बरकरार रखने के लिए हर जरूरी प्रयास किए जाएंगे|
महिलाओं का भाजपा पर विश्वास
श्रीनिवासन ने कहा कि चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश, मणिपुर, गोवा और गुजरात में एक बड़ा बदलाव किया गया है। महिलाओं ने भाजपा में जो विश्वास दिखाया है, वह पूरे देश के सामने है। हम उस समर्थन को बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। उन्होंने आगे कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि कोई भी महिला समर्थक भाजपा को समर्थन दिए बिना पीछे न रहे।
योजनाओं का सबसे ज्यादा लाभ महिलाओं को
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की सभी योजनाओं में 50 फीसदी से अधिक महिलाएं लाभार्थी थीं। हमने लाभार्थी महिलाओं की करीब एक करोड़ सेल्फी नमो एप पर अपलोड की। श्री निवासन ने कहा कि कर्नाटक में केंद्रीय योजना को राज्य की योजनाओं के साथ जोड़ देंगे।
कुछ दिन पहले बांटा था काम
महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने बैठक कर कर्नाटक में हर महिला वोटर तक पहुंचने के लिए रणनीति तैयार की। वैसे महिला मोर्चा ने कर्नाटक के हर जिले में जिला सम्मेलन कुछ दिन पहले ही पूरे किए हैं। जिसके जरिए बूथ स्तर तक की महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया और काम की जिम्मेदारी बांटी गई। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने कुछ दिन पहले कहा था कि महिला मोर्चा महिलाओं के अलग-अलग ग्रुप से मिलेगा। हम बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक महिलाओं की मीटिंग आयोजित करेंगे। वानथी ने कहा कि हम फर्स्ट टाइम वोटर्स पर भी फोकस कर रहे हैं। उनके लिए अलग आउटरीच प्रोग्राम बना रहे हैं। उन्हें बताएंगे कि किस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर जगह महिलाओं को अहमियत दी है। उन जगहों पर भी जहां पहले बहुत कम महिलाएं दिखती थी वहां भी महिला सशक्तिकरण हआ है।
गौरतलब है, भाजपा का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर महिला वोटर बड़ी संख्या में भाजपा को वोट देते हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी हर चुनाव के बाद महिला वोटर्स का धन्यवाद करना नहीं भूलते। उनकी हर स्पीच में महिलाओं का जिक्र जरूर होता है। एक भाजपा नेता ने कहा था कि एक दौर में जहां महिला वोटर्स इंदिरा गांधी के नाम पर वोट डालती थीं वहीं अब यह मजबूत वोट बैंक पीएम मोदी के नाम पर एक साथ आता है।