शिक्षक दंपती के घर से लाखों के गहने और नगदी चोरी, चार महीने बाद पुलिस ने आरोपी को दबोचा

कबीरधाम : पांडातराई थाना क्षेत्र में चार महीने पहले हुई एक चोरी के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिक्षक दंपती के घर से लाखों के कीमती गहने और नगदी चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गहने और नगदी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पांडातराई थाना प्रभारी जन्मेजय पांडेय ने बताया कि रामकिशोर साहू (54) पुत्र स्व. विश्राम साहू निवासी पांडातराई ने 4 सितंबर 2023 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित ने बताया था कि उनके घर के दरवाजा में लगे ताला को तोड़कर चार लाख 98 हजार रुपये के गहने कीमत और पांच हजार रुपये की चोरी की गई है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम चारभाठा निवासी नाबालिग लड़के व रामझुल चंद्रवंशी से शक के आधार पर पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पांडातराई निवासी देवेन्द्र ऊर्फ वासु पटवा पिता बालाजी पटवा को बिक्री करना बताया। आरोपी देवेन्द्र से पूछताछ करने पर चोरी के सोने चांदी के जेवर खरीदी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र के कब्जे से गहने समेत अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपी देवेन्द्र द्वारा चुराई हुई सामान खरीदी करने पर उसके खिलाफ धारा 411,34 जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी रामझुल चंद्रवंशी, देवेन्द्र ऊर्फ वासु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, नाबालिग लड़के को बाल संप्रेक्षण गृह राजनांदगांव भेजा गया है।