रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का चौथा दिन आज कई महत्वपूर्ण विधेयकों और जनहित के मुद्दों को लेकर अहम रहने वाला है। सदन में प्रश्नकाल के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।
आज सदन में छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक को पारित किया जाएगा, जबकि उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम भी पेश करेंगे। इसके अलावा गृहमंत्री विजय शर्मा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में रखेंगे।
सदन की कार्यवाही के दौरान 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं और 8 विधायक अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे।
वहीं वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए अशासकीय संकल्प लाएंगे, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव सदन में रखेंगे। ऐसे में आज का विधानसभा सत्र कई महत्वपूर्ण फैसलों और चर्चाओं का गवाह बनने वाला है।