गाजा से बंधकों को छुड़ाने के लिए इस्राइल ने हमास से शुरू की बातचीत, जानें क्या है प्रस्ताव

यरुशलम : इस्राइल और हमास के बीच संघर्ष शुरू हुए एक महीने से ज्यादा समय हो चुका है। सात अक्तूबर को हमास की तरफ से किए गए हमलों में इस्राइल के 1200 नागरिकों की मौत हुई थी। उधर संगठन ने कई इस्राइलियों को बंधक भी बना लिया था। इसके पलटवार में गाजा पट्टी में अबतक 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, इस्राइल अब तक अपने लोगों को हमास की कैद से छुड़ाने में सफल नहीं हुआ है। इन हालात के चलते अब उसे हमास के साथ बातचीत की मेज पर आना पड़ा है। रिपोर्ट्स की मानें तो इस्राइल की तरफ से हमास को कुछ प्रस्ताव दिए गए हैं, जिनके जरिए बंधकों की रिहाई कराने की कोशिश की जा रही है।

गौरतलब है कि गाजा में इस्राइल के करीब 240 लोग हमास के पास बंधक हैं। इनमें से आधे लोग आम नागरिक हैं। बताया गया है कि इस्राइल की तरफ से हमास को बंधकों की रिहाई के लिए जो प्रस्ताव दिए गए हैं, उनमें पहला प्रस्ताव इन आम लोगों की रिहाई से ही जुड़ा है। इसके तहत हमास को पहले 10 से 20 आम नागरिकों को छोड़ना होगा। इनमें इस्राइली महिलाओं-बच्चों के अलावा कुछ विदेशी भी शामिल होंगे। बदले में इस्राइल कुछ देर के लिए गाजा में हमलों को रोक देगा।

बताया गया है कि अगर दोनों पक्ष अपनी ओर से समझौतों को नहीं तोड़ते हैं तो बंधकों की रिहाई जारी रहेगी। इसके साथ ही इस्राइल की तरफ से भी हमलों में कमी लाई जाएगी। हालांकि, हमास ने सेना में शामिल होने की उम्र से ज्यादा आयु वाले लोगों को छोड़ने से साफ इनकार कर दिया है। इतना ही नहीं हमास ने इन लोगों को छोड़ने के बदले संघर्षविराम के साथ-साथ मानवीय मदद, अस्पतालों के लिए ईंधन और इस्राइली जेलों से फलस्तीनी महिलाओं-बच्चों की रिहाई की मांग की है।

हमास की ओर से इस्राइल पर सात अक्तूबर को हमला बोला गया था। इस हमले में जहां 1400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है, वहीं कई हजार घायल हैं। इसके साथ ही हमास ने कई इस्राइली और विदेशियों को बंधक बना लिया था। कतर की ओर से मध्यस्थता के बाद हमास ने इनमें से चार बंधकों को छोड़ा है। इनमें दो अमेरिकी और दो इस्राइली नागरिक शामिल हैं। हालांकि, इस्राइल की तरफ से गाजा पट्टी पर जारी हमलों के मद्देनजर हमास ने अब तक और बंधकों को रिहा नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds