सीएम साय से मिलीं आईओए की अध्यक्ष पी. टी. उषा : छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास और युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण को लेकर हुई चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नई दिल्ली में भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद पी. टी. उषा ने मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में खेलों के विकास, युवा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण और ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए राज्य की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने राज्य में खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि, छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य सरकार ने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

IOA का विशेषज्ञ दल देगा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण

बैठक के दौरान पी. टी. उषा ने छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के एक विशेष प्रतिनिधिमंडल भेजने की बात कही है। उन्होंने कहा कि, इस दल में विभिन्न खेलों के अनुभवी कोच और विशेषज्ञ शामिल होंगे, जो स्थानीय खिलाड़ियों को ओलंपिक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए प्रशिक्षित करेंगे। साथ ही उनकी खेल तकनीकों को निखारने में सहायता करेंगे। इस दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और संसाधन मिले तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

बस्तर ओलंपिक में प्रतिभाओं को मिल रहा अवसर 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, राज्य सरकार युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए विशेष खेल आयोजनों का सफलतापूर्वक संचालन कर रही है। हाल ही में बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया गया, जिसमें 1.65 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना था।

अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का होगा आयोजन 

सीएम साय ने बताया कि, 2 मार्च 2025 को अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 5 हजार से अधिक युवा प्रतिभागी भाग लेंगे। इस प्रतिष्ठित मैराथन को तीन श्रेणियों – 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर में आयोजित किया जाएगा। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से सरकार युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित कर रही है और राज्य को एक मजबूत खेल हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। छत्तीसगढ़ सरकार और भारतीय ओलंपिक संघ के बीच यह साझेदारी राज्य में खेलों के विकास को नया आयाम देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds