भारत का परचम फिर लहराया, एशियन चैंपियनशिप में पूजा ने गोल्ड और गजेंद्र ने सिल्वर मेडल जीता

नई दिल्ली : जापान के टोक्यो में पैरा कैनो एवं कयाकिंग एशियन चैंपियनशिप में भिंड की पूजा ओझा ने गोल्ड, गजेंद्र सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। वहीं राजवीर सिंह बघेल पांचवें स्थान पर रहे। बता दें कि जापान के टोक्यो में एशियन चैंपियनशिप का 18 अप्रैल को शुभारंभ हुआ था।

21 अप्रैल को इसका समापन होगा। इस प्रतियोगिता में  भिंड जिले के गजेंद्र सिंह पुत्र यशवंत सिंह जगन्नाथपुरा रौन, राजवीर पुत्र अर्जुन सिंह चंदूपुरा और पूजा पुत्री महेश ओझा भिंड शामिल हुई हैं।

इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय दल में छह महिला और आठ पुरुषों का चयन हुआ है। खिलाड़ियों के साथ मुख्य कोच मयंक ठाकुर, कोच अनिल राठी, महिला कोच नाजिश मंसूरी, फिजिकल कोच रिंकू सिंह और डा ईशा जोशी भी जापान गई हुई है।

प्रतियोगिता में शामिल होने वाले भिंड के तीनों खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में कई बार मेडल प्राप्त कर चुके हैं। खिलाड़ियों के मेडल जीतने पर भिंड कयाकिंग कैनोइंग अध्यक्ष कुलदीप सिंह कुशवाह, सचिव डॉ योगेंद्र यादव, राहुल यादव भूरे, गगन शर्मा, अनिल माझी, निश्चल यादव सहित अन्य ने बधाई दी है।

प्रदेश से सात खिलाड़ियों का हुआ था चयन

एशियन चैंपियनशिप में भिंड से सबसे अधिक तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। जबकि ग्वालियर और भोपाल से दो-दो खिलाड़ी चयनित हुए हैं। इस प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के सभी खिलाड़ी दिसंबर 2023 से भोपाल के छोटे तालाब पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।

बता दें कि भिंड के गौरी सरोवर पर देश के पहले पैरा कयाकिंग कैनोइंग सेंटर की शुरुआत वाटर स्पोर्ट्स के संरक्षक राधेगोपाल यादव के मार्गदर्शन में हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds