सिंगापुर : दक्षिण चीन सागर में सिंगापुर द्वारा आसियान-भारत सामुद्रिक सैन्य-अभ्यास (ऐम) 2023 सफलता से पूरा हुआ। इसमें आईएनएस दिल्ली और आईएनएस सतपुड़ा ने अपनी क्षमताएं प्रदर्शित कीं।
वहीं अपने एकतरफा दावे वाले दक्षिण चीन सागर में भारत की मौजूदगी से चौकन्ने हुए चीन के कुछ जहाज भी सैन्य अभ्यास वाले समुद्र में बेहद करीब नजर आए। इसे चीनी सरकार समर्थित नागरिक सेना द्वारा सैन्य अभ्यास में बाधा पहुंचाने का प्रयास कहा जा रहा है। ऐम 2023 के तहत 2 से 4 मई तक हार्बर चरण और 7 व 8 मई को सामुद्रिक चरण आयोजित हुआ। इससे पहले नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरिकुमार भी तीन दिन के सिंगापुर दौरे पर थे।
चीनी नागरिक सेना की नौकाएं सैन्य अभ्यास क्षेत्र में घुसीं
सूत्रों के अनुसार दक्षिण चीन सागर में सैन्य अभ्यास के दौरान पांच चीनी नौकाएं भारत व आसियान देशों के युद्ध पोतों के मार्ग पर पहुंच गईं। यह सैन्य अभ्यास वियतनाम नियंत्रित आर्थिक जोन में हो रहा था, तभी चीनी नौकाएं वहां पहुंचीं, हालांकि उनका युद्धपोतों से आमना-सामना नहीं हुआ। नौकाओं के पीछे चीनी अध्ययन पोत भी मौजूद था।
दक्षिण चीन सागर में भारत के सैन्य अभ्यास के मायने
ऐम का समुद्री चरण जिस दक्षिण चीन सागर में हुआ, उसके 80 प्रतिशत हिस्से पर चीन अपना अधिकार बताता है। हालांकि यहां मौजूद कई अन्य देश इस अधिकार को मान्यता नहीं देते हैं।