लॉगिन

IND vs ENG: टीम इंडिया ने जीता रांची टेस्ट, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज पर जमाया कब्जा, 10 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा

Sports February 26, 2024 रिपोर्टर: Javed Akhtar
IND vs ENG: टीम इंडिया ने जीता रांची टेस्ट, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज पर जमाया कब्जा, 10 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा

IND vs ENG: टीम इंडिया ने जीता रांची टेस्ट, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज पर जमाया कब्जा, 10 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा

रांची। टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराते हुए रांची टेस्ट जीत लिया है. और, ध्यान दीजिएगा, यहां भी रोहित एंड कंपनी ने अपनी जीत की कहानी चौथे दिन ही लिखी है. भारत ने रांची टेस्ट में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया. इंग्लैंड ने भारत के सामने 192 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे उसने हासिल किया. ये 5 टेस्ट मैच की सीरीज में भारत की लगातार तीसरी जीत है. इन तीन लगातार जीतों के साथ उसने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त भी ले ली है. मतलब कि सीरीज पर कब्जा जमा लिया है.

रांची टेस्ट में भारत की जीत की राह मुमकिन नहीं रहने वाली थी अगर शुभमन गिल और ध्रुव जुरेल ने मुश्किल वक्त में विकेट पर खूंटा नहीं गाड़ा होता. दोनों ने मुश्किल वक्त में गजब का संयम दिखाया और अपनी शानदार बल्लेबाजी से टीम को जीत दिला दी. दोनों के बीच छठे विकेट के लिए नाबाद अर्धशतकीय साझेदारी हुई. दूसरी पारी में ध्रुव जुरेल 39 रन जबकि गिल 52 रन बनाकर नाबाद रहे. इन दोनों के अलावा कप्तान रोहित शर्मा के 55 रनों का भी जीत में भरपूर योगदान रहा.

रांची टेस्ट की रामकहानी
रांची टेस्ट में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और पहली पारी में 353 रन बनाए. जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 307 रन बनाए. फर्स्ट इनिंग में मिली 46 रन की बढ़त के साथ इंग्लैंड दूसरी पारी खेलने उतरा तो 145 रन से ज्यादा नहीं बना सका. इसी के साथ उसने भारत को जीत के लिए 192 रन का लक्ष्य दिया, जिसे हासिल कर टीम इंडिया ने रांची के मैदान पर अपनी दूसरी टेस्ट जीत दर्ज की. ये दो जीत भारत को रांची में अब तक खेले 3 टेस्ट में मिली है. एक टेस्ट यहां भारत ने ड्रॉ खेला था.

10 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा
भारत ने रांची टेस्ट जीतकर वो भी कर दिखाया, जो पिछले 10 सालों में सिर्फ दूसरी बार देखने को मिला है. ये दूसरी बार है जब भारत ने टेस्ट क्रिकेट में 150 प्लस स्कोर का सफल चेज पिछले 10 सालों में किया है. इससे पहले साल 2021 में उसने ऐसा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट में किया था.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds